जिन सवालों के जवाब नहीं दे पाए सीएम वहीं सवाल लोकसभा में पीएम से पूछूंगा: दीपेंद्र हुडा
- भाजपा सरकार के खिलाफ ‘घोषणा पत्र का जबाव दो और वायदों का हिसाब दो’ युवा आक्रोश सम्मेलन का आयोजन
- प्रदेश अध्यक्ष पर केस दर्ज करने की एनएसयूआई राष्ट्रीय अध्यक्ष ने की निंदा
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला।
सेक्टर-5 के इंद्रधनुष ऑडिटोरियम में पंचकूला एनएसयूआई की ओर से सोमवार को आयोजित ‘घोषणा पत्र का जबाव दो-वायदों का हिसाब दो’ कार्यक्रम में रोहतक के सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा भाजपा सरकार पर जमकर बरसे। दीपेंद्र ने कहा कि यदि तीन सवाल पूछने पर एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष दिव्यांशु बुद्धिराजा को जेल में डाला जाता है, तो अब यह तीन सवाल मैं लोकसभा में प्रधानमंत्री से पूछूंगा और देखता हूं कौन मुझे जेल में डालता है। रोहतक के सांसद ने कहा कि यदि लोकतंत्र में सवाल पूछना गुनाह है, तो अब हर युवा मुख्यमंत्री, प्रधानमंत्री और मंत्रियों से सवाल पूछेगा और देखते हैं कि कितने युवाओं को भाजपा सरकार जेल में डालती है। सांसद ने कहा कि एनएसयूआई के कार्यक्रम को रद्द करने के लिए पूरी भाजपा सरकार ने जोर लगा रखा था, लेकिन युवाओं के जोश के आगे उनकी एक ना चली। सेक्टर-5 स्थित इंद्रधनुष ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में युवाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि यह सरकार जुमलों की सरकार है। देश को आगे ले जाने की बजाय पीछे धकेलने का काम कर रही है। इनकी विचारधारा लोगों को आपस में लड़वाकर राज करने की है। हरियाणा के युवाओं को खेलों के नाम पर जाना जाता था, लेकिन पिछले 3 साल में भाजपा ने युवाओं के लिए कोई भी काम नहीं किया। इस सरकार की गलती से 75 लोगों की मौतें हुई। इनका एक ही उद्देश्य है भाईचारा तोड़ो और राज करो। एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष फिरोज खान ने कहा कि एनएसयूआई पूरे देश में हर कोने में भाजपा के नेताओं से सवाल पूछेगा और जवाब लेकर रहेगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा से भाजपा को खदेड़ने की शुरुआत हो चुकी है और पूरे देश में भाजपा को जड़ से उखाड़ फेंका जाएगा। फिरोजखान ने दिव्यांशु बुद्धिराजा पर सवाल पूछने पर केस दर्ज करने की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि लोकतंत्र में युवाओं की आवाज को दबाने की कोशिश की जा रही है। इस मौके पर बोलते हुए दिव्यांशु बुद्धिराजा ने कहा कि 12 जनवरी को नए साल के पोस्टर सेक्टर-1 के कॉलेज के बाहर लगाए थे जिन्हें सरकारी कर्मचारियों द्वारा फाड़ दिया गया। वह सीएम के कनेक्ट-टू-कार्यक्रम में हिस्सा लेना चाहते थे, लेकिन उनके पोस्टरों से उनकी शक्ल पहचान ली गई, जिसके चलते उन्हें अंदर नहीं जाने दिया गया। वह बाहर खड़े होकर सीएम को काले झंडे दिखाकर अपनी बात रखना चाहते थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें खदेड़ दिया। दिव्यांशु ने स्टेज से उस शख्स का आभार व्यक्त किया जिसने सीएम को वापस लाकर उनकी बात सुनने के लिए कहा, लेकिन बड़े शर्म की बात है कि सीएम ने बात सुनने की बजाय उन्हें राजनीति ना करने की सलाह दी। दिव्यांशु ने बताया कि आज के कार्यक्रम को रद्द करने के लिए मौजूदा सरकार के द्वारा काफी प्रयास किया गया। उनके बैनर, होर्डिंग उखाड़ दिए गए। देर रात तक ऑडिटोरियम में उनका साउंड सिस्टम नहीं लगने दिया गया। बुद्धिराजा ने बताया कि आज इस सरकार से डॉक्टर, वकील, सरकारी कर्मचारी तो तंग है ही, साथ ही जेल में बंद कैदी भी परेशान है, क्योंकि वह पिछले दिनों तीन दिन तक जेल में रहे हैं और कैदी भी सरकार के खिलाफ हैं। इस अवसर पर युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सचिन कुंडू, पूर्व मंत्री गीता भुक्कल, प्रोफेसर विरेंद्र सिंह, पंचकूला की मेयर उपेंद्र आहलूवालिया, वरिष्ठ नेता चांदवीर हुड्डा, हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस की वरिष्ठ उपप्रधान रंजीता मेहता, संदीप सिंह, अर्जुन सिंह, अजय छिकारा, पूर्व युवा अध्यक्ष अमित सिहाग, वरिष्ठ नेत्री नंदिता हुड्डा सहित अन्य नेता मौजूद रहे।