छात्रा के अपहरण के 8 दिन बाद भी मामला नहीं हुआ दर्ज
अभिभावकों ने घटना के दिन ही यवनिका पार्क में आरोपियों से बचाया था
स्कूल के गेट के पास से किया था किडनैप
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला।
छात्रा को स्कूल गेट से किडनैप करने की दी गई शिकायत के आठ दिन बाद भी पुलिस ने अब तक मामला दर्ज नहीं किया है। हालांकि, अपहृत 14 वर्षीय छात्रा को 28 अक्तूबर को ही उसे परिजनों ने तलाश लिया था। परिजनों का आरोप है कि उन आरोपियों की शिनाख्त कर सकते हैं, लेकिन आरोपियों पर कार्रवाई नहीं होने की वजह से दोबारा ऐसी घटना की आशंका से परिवार सहमा हुआ है। सरकार जहां बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान चला रही है, वहीं दूसरी तरफ पढ़ाई के लिए गई एक छात्रा के साथ हुई इस घटना की एक हफ्ते बाद भी सुध नहीं ली गई है।
14 वर्षीय छात्रा के पिता ने बताया कि 28 अक्तूबर की सुबह उन्होंने अपनी बेटी को स्कूल गेट के पास छोड़ा था, लेकिन कुछ देर बाद स्कूल से फोन आया कि उनकी बेटी नहीं पहुंची है। पिता का आरोप है कि गेट के पास से ही उसे किडनैप कर टू व्हीलर पर ले जाया गया। लड़की ने आरोप लगाया कि उसे जबरदस्ती उठाकर ले जाया गया और करीब एक घंटे बाद जब घरवालों ने आसपास तलाश किया तो लड़की यवनिका पार्क में दिखी। जैसे ही पार्क के अंदर लड़की के माता-पिता आते दिखे आरोपी लड़के वहां से फरार हो गए। परिजनों ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी के साथ आरोपी लड़के बदसलूकी भी कर रहे थे, लेकिन उन आरोपियों पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। पीड़ित परिवार ने इस मामले की शिकायत सीएम विंडो सहित आला पुलिस अधिकारियों को भी दे दी है।
छात्रा की मां ने बताया कि इस मामले की शिकायत महिला थाने में दी गई, लेकिन अब तक मामला दर्ज नहीं किया गया है। महिला थाना सेक्टर 5 प्रभारी सुनीता रावत ने कहा कि मामले की जांच कर रहे हैं। जांच अधिकारी सोमवार को पंजाब-हरियाणा हाक़ोर्ट गई थी, इसलिए वक्त नहीं मिल सका। इस मामले से जुड़े पहलुओं की छानबीन के बाद जल्द मामला दर्ज किया जाएगा।