लगातार बढ़ रहे मरीज, पांच दिन में मलेरिया के दस केस
डीसी ने मलेरिया वर्किंग कमेटी के कार्यों की समीक्षा की
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला।
पांच दिन में मलेरिया के दस मामलों की पुष्टि हुई है। इसी के साथ जिले में मलेरिया का आंकड़ा 96 पहुंच चुका है। बुधवार को पंचकला के सेक्टर दो से मलेरिया का एक और ओल्ड पंचकूला से तीन मरीजों की पुष्टि हुई। अबतक सबसे ज्यादा मलेरिया के मामले ओल्ड पंचकूला से आए हैं। यहां पर आंकड़ा 19 पहुंच चुका है। स्वास्थ्य विभाग की मलेरिया विंग की टीम की ओर से मलेरिया के लारवा जहां मिले हैं वहां पर स्प्रे कराई है। शहरी क्षेत्र में अब तक बारह मरीजों में मलेरिया की पुष्टि हुई है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से मच्छर जनित बीमारियों से बचने के लिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
मलेरिया वर्किंग कमेटी की बैठक
पंचकूला के सेक्टर एक स्थित जिला सचिवालय के कांफ्रेंस हॉल में जिला स्तरीय मलेरिया वर्किंग कमेटी की बैठक हुई। अध्यक्षता पंचकूला की डीसी गौरी पराशर जोशी ने की। इस दौरान मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे शहर में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दें।
दोबारा लारवा मिला तो पांच हजार लगेगा जुर्माना
बैठक में डीसी ने स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिले में लारवा को खत्म करने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत की जा रही कार्रवाई की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि लारवा जांच के दौरान जहां-जहां लारवा मिला है, उन लोगों को नोटिस दें। अगर उन्हीं स्थानों पर दोबारा लारवा पाया जाता है तो उन पर पांच हजार रुपये तक का जुर्माना लगाया जाए। बैठक में नगर निगम की मेयर उपिंदर कौर आहलुवालिया, जिला परिषद की चेयरपर्सन रितु सिंगला, एडीसी राजेश जोगपाल, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी राजवीर खुंडिया, हरियाणा रोडवेज, पीडब्ल्यूडी, मतस्य विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।