निगम की जमीन से अवैध झुग्गियां हटाईं
अब इस जगह पर बनेगा पशुओं के लिए शेड
झुग्गियों में रह रहे लोगों ने जताया विरोध
अमर उजाला ब्यूरो
कालका।
नगर निगम ने बुधवार को कालका स्थित राधे श्याम गोशाला के पास बनी अवैध झुग्गियों को जेसीबी से ढहा दिया। अफसरों के साथ भारी इस दौरान पुलिस बल भी मौजूद रहा। यह कार्रवाई प्रशासन के आदेशों के बाद की गई है। ड्यूटी अफसर, निगम अतिक्रमण विभाग के इंचार्ज व चीफ सेनेटरी इंस्पेक्टर वेदप्रकाश व बिल्डिंग इंस्पेक्टर दर्शन सिंह ने बताया कि गांव बिटना स्यूडी स्थित राधे श्याम गोशाला के सामने जमीन निगम की है। यहां पर एक पक्के मकान सहित करीब 20 अवैध झुग्गियां बनी हुई थीं। कई बार इनमें रहने वाले लोगों को मौखिक चेतावनी दी गई थी। लेकिन इन्होंने यहां से झुग्गियां नहीं हटाईं गईं। उन्होंने बताया कि अब प्रशासन के आदेश पर कार्रवाई करते हुए झुग्गियां हटाईं गईं। वेदप्रकाश ने बताया कि उक्त जमीन पर पशुओं के लिए शेड बनाया जाएगा और उसमें लावारिस पशुओं को रखा जाएगा।
लोगों ने जताया विरोध, कहा- नहीं मिला कोई नोटिस
झुग्गियों में रहने वाले लखमी, कबीरा, पप्पू, सतबीर, वकील, रामभगत, कमलेश, अंगूरी व अन्य ने बताया कि वह मजदूरी करते हैं और करीब 25 साल से यहां रह रहे हैं। उनके राशन कार्ड, आधार कार्ड, समेत सभी तरह के पहचान पत्र इसी पते के बने हैं। प्रशासन की कार्रवाई से पहले उन्हें कोई नोटिस नहीं दिया गया। वह गरीब लोग हैं। पक्के मकान में रह रही कृष्णा ने बताया कि वह 5-6 वर्षों से यहां पक्का मकान बनाकर रह रही है। पति मजदूरी करते हैं। तीन बच्चें है, जो पढ़ते हैं, अब वह कहां रहेंगे। कलावती ने कहा कि बरसात के मौसम में झुग्गियों को हटाया गया है। अब उनके पास रहने को जगह नहीं है। गौरतलब है कि करीब छह माह पहले भी निगम ने उक्त झुग्गियों को हटाने का प्रयास किया था। लेकिन उस समय झुग्गियों में रह रहे लोगों के विरोध के चलते कार्रवाई नहीं हो पाई थी।