दशकों बाद स्कूल में उजाला, बिजली सप्लाई बदली
खबर के बाद जागे बिजली अधिकारी, ट्यूबवेल से हटाकर सामान्य सप्लाई की सुचारु
अमर उजाला ब्यूरो
रायपुररानी।
मुरादनगर गांव के स्कूल में ट्यूबवेल की बिजली लाइन से दी जाने वाली सप्लाई के कारण बच्चों को होने वाली समस्या को दो अगस्त के अंक में अमर उजाला ने प्रमुखता से उठाया तो बिजली निगम के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर सप्लाई को सामान्य लाइन से जोड़ा। इसके बाद स्कूली बच्चों से लेकर ग्रामीणों में दिन में स्कूल में उजाला देख चेहरे खुशी से खिल उठे। ट्यूबवेल से दी जा रही बिजली सप्लाई के कारण सिर्फ रात के समय ही बिजली आती थी। दिन में बच्चों पढ़ाई प्रभावित हो रही थी। एक तो अंधेरा रहता था और गर्मी के कारण क्लासरूम में कूलर और पंखे भी नहीं चल पा रहे थे। दशकों पुरानी समस्या का समाधान होने पर ग्रामीणों ने अमर उजाला का आभार जताया।
यह है मामला
बरवाला ब्लॉक के तहत पड़ने वाले मुरादनगर गांव में ट्यूबवेल के लिए और लोगों के घरों में एक ही लाइन से बिजली मिलती थी। कुछ माह पहले निगम ने गांव के घरों के लिए बिजली के तार अलग से बिछाकर दिन रात सप्लाई दे दी। लेकिन स्कूल की बिजली सप्लाई ट्यूबवेल के साथ ही जोडे़ रखी। इस कारण दिन में बिजली नहीं आती थी और अंधेरा रहता था। इसके चलते स्कूल के नन्हे बच्चों को हर मौसम में दिक्कतों का सामना करना पड़ता था।