26 कलाकारों ने नाटक में दिखाई कृष्ण लीला
सेक्टर 14 के गर्ल्स गवर्नमेंट कॉलेज में 28 से 30 जुलाई तक नाट्य उत्सव का आयोजन
प्रशासन की ओर से प्रचार न किए जाने पर कम रही भीड़
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला।
सेक्टर 14 के गर्ल्स गवर्नमेंट कॉलेज में तीन दिवसीय नाट्य उत्सव का आगाज हुआ। उत्सव के पहले दिन शुक्रवार को श्री कृष्ण की लीलाओं पर आधारित लाइट एंड साउंड नाटक का आयोजन किया गया। इसमें कलाकारों ने श्री कृष्ण के बचपन से लेकर कंस वध की तमाम लीलाओं का चित्रण किया। इसकी ऑडिटोरियम में बैठे दर्शकों ने जमकर तारीफ की। वहीं कुछ मुश्किल सीन जैसे कृष्ण जन्म के बाद वासुदेव द्वारा नदी पार कराना और नाग कालिया वध दर्शाया गया। कृष्ण जन्म रासलीला को लोगों ने खूब सराहा। वही नंद और यशोदा को जब पता चलता है कि श्री कृष्ण उनके बेटे नहीं हैं, इस सीन ने लोगों को भावुक किया। नाटक को जय प्रकाश भट्ट ने खिला है और निर्देशन राजीव मेहता ने किया। इसमें कुल 26 कलाकार भाग ले रहे हैं। निर्देशक ने बताया कि 70 से ज्यादा बार विदेशों में इस नाटक का मंचन हो चुका है। नाटक का 2008 में वर्ल्ड प्रीमियर अमेरिका में हुआ था। लगातार दो दिनों में दस हजार लोगों ने शो देखा।
उत्सव के पहले दिन ऑडिटोरियम में भीड़ कम
इस लाइट एंड साउंड शो में ऑडिटोरियम की करीब 80 फीसदी कुर्सियां खाली थीं। इस उत्सव के लिए जिला प्रशासन ने सही प्रचार प्रसार नहीं किया। इस कारण उत्सव के पहले दिन ही पब्लिक न के बराबर थी।