राज्य स्तरीय चेस प्रतियोगिता में नरेन ने बाजी मारी
नरेन ने पंजाब स्टेट चेस एसोसिएशन की प्रतियोगिता में 5 में से 5 अंक हासिल किए
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला।
सेक्टर 12ए सार्थक मॉडल स्कूल के दूसरी कक्षा के छात्र सात वर्षीय नरेन गुप्ता ने पंजाब राज्य स्तरीय चेस प्रतियोगिता में बाजी मार ली है। नरेन गुप्ता ने पंजाब स्टेट चेस एसोसिएशन की ओर से आयोजित प्रतियोगिता में 5 में से 5 अंक हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया। नरेन गुप्ता के पिता प्रदीप गुप्ता पेशे से अकाउंटेंट हैं। उनके बेटे को बचपन से ही चेस खेलने का शौक है। नरेन बड़े भाई विरेन और पिता के साथ घर में भी चेस खेलता है और उन्हें भी हरा देता था। नरेन के शौक को देखते हुए प्रदीप गुप्ता ने नरेन को ट्राइसिटी चेस अकादमी ढकौली में चेस के गुर सीखने के लिए दाखिला कराया। इसके बाद अकादमी की ओर से नरेन को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेने का मौका मिला। हालांकि अभी नरेन इस खेल में किसी को अपना रोल मॉडल नहीं मानता, लेकिन उसने विश्वनाथन आनंद का नाम सुना है और वह चाहता है कि उसका भी नाम इसी तरह देश में हो। नरेन की माता रेखा गुप्ता ने बताया कि नरेन जिला स्तर पर तो तीन मेडल जीत चुका है, लेकिन राज्य स्तर पर मेडल जीतने के लिए काफी दिमाग लगाना पड़ता है। खुशी है कि नरेन ने यह उपलब्धि हासिल की। नरेन अब विजयावाड़ा के आंध्र प्रदेश में सितंबर 2017 को होने वाली नैशनल चेस चैंपियनशिप में हिस्सा लेगा।