चंडीगढ़। शहर में ऑप्टिकल फाइबर केबल (ओएफसी) लगाने के लिए जेसीबी की बेतरतीब खुदाई से 150 अर्जुन के पेड़ों को खतरा हो गया है। अर्जुन के पेड़ों के अलावा कई अन्य प्रजाति के पेड़ों की भी जड़ें कट गई हैं। इससे पेड़ सूखने, तेज हवा और बारिश से पेड़ के गिरने की संभावनाएं भी बढ़ गई हैं। हैरानी की बात यह है कि उद्यान विभाग को इसकी जानकारी तक नहीं है।
चंडीगढ़ के सेक्टर 27, 28, 29, 30, 31, 32 में ओएफसी के लिए जेसीबी मशीन से खुदाई की जा रही है। सड़क के किनारे लाइन बिछाने का यह कार्य जेसीबी मशीन से किया जा रहा है। मशीन से बेतरतीव हो रही खुदाई के कारण सड़क के किनारे खड़े 150 अर्जुन के पेड़ों की जड़ें कट गई हैं। जिससे उनके सूखने का खतरा हो गया है। सेक्टर 27 में रहने वाले राहुल महाजन, दिनेश शास्त्री, ममता डोगरा आदि ने इस खुदाई पर आपत्ति प्रकट की है। उनका कहना है कि जड़े खुल जाने से इस समय चलने वाली तेज हवा और बारिश से पेड़ों के गिरने का खतरा हो गया है। जिससे कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। यदि जल्द ही इस शिकायत का उद्यान विभाग ने संज्ञान नहीं लिया तो वह इसकी शिकायत उच्चाधिकारियों से करेंगे।
ठेकेदार पर होगी कार्रवाई
इस बारे में केपी सिंह, अधिशासी अभियंता, उद्यान विभाग ने कहा कि जानकारी मिली है कि खुदाई के दौरान कुछ पेड़ों की जड़ों को नुकसान पहुंचा है। मौके का मुआयना कर खुदाई में किसी भी तरह से कोई लापरवाही बरती गई होगी तो संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।