चंडीगढ़ यूटी पुलिस विभाग ने शुक्रवार को तीन थाना प्रभारी, चार चौकी इंचार्ज, सात इंस्पेक्टर समेत कुल 15 पुलिसकर्मियों का तबादला कर दिया है। डीआईजी ओमवीर सिंह बिश्नोई ने यह आदेश जारी किया है। तबादला होने वाले पुलिसकर्मियों में मलोया थाना प्रभारी चिरंजी लाल को ट्रैफिक में भेजा गया है। जबकि उनकी जगह हाल में इंस्पेक्टर बने बुड़ैल चौकी इंचार्ज ओम प्रकाश को मलोया का प्रभारी बनाया गया है।
वहीं, मौलीजागरां प्रभारी जुलदान सिंह को हटाकर सिक्योरिटी विंग में लगाया गया। इनकी जगह इंस्पेक्टर रोहित कुमार को पहली बार थाने का प्रभारी बनाया गया है। सेक्टर 39 थाने से अमनजोत सिंह को हटाकर ऑपरेशन सेल में तैनात किया गया और इनकी जगह करम चंद को थाने का प्रभारी बनाया है।
वहीं, पीजीआई चौकी का इंचार्ज चंद्रमुखी, नीलम चौकी का इंचार्ज विवेक कुमार, बुड़ैल चौकी इंचार्ज सुदेश कुमार और दड़वा चौकी इंचार्ज प्रमोद कुमार को बनाया गया है। जबकि नीलम चौकी इंचार्ज जयवीर सिंह राणा को ईओडब्ल्यू में पोस्टिंग की गई है। इसके अलावा इंस्पेक्टर हरिओम शर्मा को साइबर सेल, इंस्पेक्टर मिनी भारद्वाज को आरटीसी और इंस्पेक्टर सुखद्वीप सिंह को ट्रैफिक से हटाकर सिक्योरिटी विंग में तैनात किया गया है। जबकि सब इंस्पेक्टर गुरदर्शन सिंह की पीसीआर से आरटीसी में तबादला किया गया है।