हरियाणा में एचसीएस अधिकारियों को मिली प्रमोशन
- फोटो : सांकेतिक तस्वीर
हरियाणा सिविल सेवा (एचसीएस) के 15 अधिकारियों को सोमवार को भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) में नियुक्त करने की घोषणा की गई है। ये नियुक्तियां वर्ष 2021, 2022, 2023 और 2024 की चयन सूचियों के लिए निर्धारित रिक्तियों पर की गईं। सभी नवनियुक्त अधिकारियों को अगले आदेश तक प्रोबेशन पर हरियाणा कैडर आवंटित किया गया है। यह आदेश भारत सरकार के कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन मंत्रालय की ओर से जारी किया गया है। सूची में तीन एचसीएस अधिकारी सुमिता, आसमा और महावीर के नाम थे, हालांकि ये तीनों सेवानिवृत्त हो चुके हैं। इनके बारे में यूपीएससी की तरफ से अलग से पत्र जारी होगा।
आईएएस पद पर पदोन्नति पाने वालों में विवेक पदम सिंह व डॉ. मुनीश नागपाल को वर्ष 2021 का बैच, महेंद्र पाल, सतपाल शर्मा व सुशील कुमार-1 को वर्ष 2022 का बैच, वर्षा खांगवाल, वीरेंद्र सिंह सहरावत, सत्येन्द्र दूहन, मनिता मलिक, सतबीर सिंह, अमृता सिंह, योगेश कुमार व वंदना दिसोदिया को वर्ष 2023 का बैच और जयदीप कुमार व समवर्तक सिंह खांगवाल को वर्ष 2024 बैच मिला है।