रोहतक और नोएडा के ध्यानार्थ
आईटीआई में इसी सत्र से जीआईएस पाठ्यक्रम
ऑनलाइन दाखिले के लिए 20 तक भरे जा सकेंगे आवेदन
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला।
आईटीआई पंचकूला में इस सत्र से जियो इंफॉमेटिक्स सिस्टम कोर्स की शुरुआत की जा रही है। इसी शैक्षणिक सत्र से सेक्टर-14 स्थित संस्थान में नए पाठ्यक्रम की शुरुआत होगी। जिसके लिए दाखिले की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इसके अलावा संस्थान में अन्य 12 ट्रेड में भी दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन भरे जा रहे हैं। प्रदेश के तीन संस्थानों में जीआईएस पाठ्यक्रम की शुरुआत का प्रस्ताव था।
आईटीआई की प्रिंसिपल पूनम सांगवान ने बताया कि जीआईएस कोर्स में दाखिले के लिए कुल 20 सीटें होंगी। जिसके लिए न्यूनतम योग्यता गणित या भौतिकी के साथ 12वीं होना अनिवार्य है। इस पाठ्यक्रम के तहत स्टूडेंट्स को मैपिंग, जीपीएस, डीबीएमएस, कंप्यूटर सहित अन्य पहलुओं के बारे में पढ़ाया जाएगा। एक वर्ष के इस कोर्स को पूरा करने वाले स्टूडेंट्स के लिए रोजगार की संभावनाएं भी काफी अधिक हैं।
प्रिंसिपल पूनम सांगवान ने बताया कि फिलहाल आईटीआई में कोपा, स्टेनोग्राफर एंड सेक्रेटेरियल असिस्टेंट, इलेक्ट्रिीशियन, प्लंबर, कंप्यूटर एडेड एंब्रॉयडरी, क्राफ्ट्समैन फूड प्रोडक्शन सहित अन्य कोर्स भी शामिल हैं। कॉलेज की प्रिंसिपल ने बताया कि 20 जुलाई तक दाखिले के लिए ऑनलाइन फॉर्म भरे जा सकते हैं। संस्थान में विभिन्न ट्रेड में करीब 400 सीटें हैं, जिसके लिए पहली मेरिट लिस्ट 24 जुलाई को जारी होगी। इसके बाद दस्तावेजों की जांच होगी। रिक्त सीटों के लिए 31 जुलाई को दूसरी मेरिट लिस्ट के तहत सीटें अलॉट की जाएंगी।