सेक्टरों में सड़कों और घरों में घुटने तक पानी
डेढ़ घंटे की बारिश से सेक्टरों की सड़कें हुई लबालब
तालाब में तब्दील हुए पार्क
नगर निगम और हुडा के तमाम दावों की खुली पोल
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला।
मानसून की पहली बारिश ने विभागों के दावों की पोल खोल दी। बुधवार को सुबह करीब डेढ़ घंटे की बारिश से पूरा शहर जलमग्न हो गया। आलम यह था कि सेक्टर-19, 16, 8 सहित कुछ अन्य सेक्टरों में लोगों के घरों में पानी भरा था। बारिश से शहर का सेक्टर-19 सर्वाधिक प्रभावित हुआ, यहां के 50 घरों के अंदर पानी आ गया। हालात काबू करने के लिए नगर निगम, प्रशासन के अधिकारियों सहित अग्निशमन विभाग के कर्मी भी मौके पर पहुंच गए। घरों से पानी निकालने के लिए फायर कर्मी करीब छह घंटे तक जुटे रहे।
सुबह करीब साढ़े आठ बजे शुरू हुई बारिश के कारण दफ्तरों और कॉलेज जाने वाले स्टूडेंट्स को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। डेढ़ घंटे से भी अधिक हुई इस बारिश के कारण शहर की सड़कों पर घुटने तक पानी भर गया। सभी पार्क तालाब में तब्दील हो गए तो बारिश के कारण सड़कों पर वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। अपने दफ्तरों के लिए निकलते ही बारिश की चपेट में लोग आ गए। खासकर टू व्हीलर चालकों को अधिक परेशानी हुई। सड़कों पर पानी का तेज बहाव से लेागों की बाइक भी बंद हो गईं, जिन्हें दोबारा स्टार्ट करने के लिए भी मैकेनिक का सहारा लेना पड़ा।
सेक्टर-16, 8 सहित अन्य सेक्टरों में लोगों को हुई परेशानी
सेक्टर-19 निवासी पंकज ने बताया कि सुबह से लोग सड़कों पर पानी के तेज बहाव से खुद को बचाने में जुट गए। डिस्पेंसरी, रेलवे क्रॉसिंग के आसपास सहित सेक्टर के दर्जनों घरों में पानी से लोगों को काफी नुकसान भी हुआ। दोपहर बाद भी बच्चों को स्कूलों से लौटने पर पानी से होकर गुजरना पड़ा, जबकि सुबह के वक्त दफ्तर जाने वालों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ी। स्टेशन फायर ऑफिसर एसएस मलिक ने बताया कि सेक्टर-19 के करीब 50 घरों से पानी पंप के जरिये निकाला गया। इसके लिए सुबह से ही फायर कर्मियों सहित निगम के कर्मी और प्रशासनिक अधिकारी भी जुटे रहे।
स्मार्ट सिटी की कोशिशें बनी मजाक
सेक्टरवासियों का कहना है कि तेज बहाव और घुटने तक सड़कों पर पानी होने की वजह से कुछ घंटों के लिए ऐसा लगा कि पंचकूला को स्मार्ट सिटी बनाने के लिए की गई तमाम कोशिशें मजाक बन गई हैं।
पाइपलाइन जाम होने से मुश्किलें बढ़ीं
सेक्टर-16 निवासी सुभाष पपनेजा ने बताया कि बारिश के कारण मुख्य सड़क का बहाव सेक्टर के अंदरूनी हिस्से की तरफ हो गया। रोड गलीज की सफाई के दौरान हुई टूट फूट और बीच की पाइपलाइन में जाम होने से मुश्किलें बढ़ गईं। इस दौरान कुछ घरों के अंदर भी पानी दाखिल हुआ।
पानी का बहाव सेक्टर की तरफ
सेक्टर-16 निवासी ललित गुप्ता ने कहा कि सेक्टर-16-17 की डिवाइडिंग रोड की ऊंचाई अधिक होने से पानी का बहाव सेक्टर की तरफ हो गया। सेक्टर-8 में भी बारिश के दौरान पैदल और साइकिल पर चलने वालों को काफी दिक्कतें पेश आईं, जबकि कुछ घर भी पानी की जद में आ गए। शहर के उन सेक्टरों में अधिक परेशानी हुई जिनका लेवल नीचे है।