कालका सीएचसी डॉक्टरों की कमी
मरीजों को समय पर नहीं मिल रहा इलाज
छुट्टियों और तबादले से कम हुई संख्या
अमर उजाला ब्यूरो
कालका।
कम्युनिटी हेल्थ सेंटर कालका में इन दिनों डॉक्टरों की कम संख्या से मरीज परेशान हैं। अस्पताल में जनरल ओपीडी के डाक्टरों के लिए 10 पद स्वीकृत हैं। लेकिन दिन-रात ड्यूटी दे रहे छह डॉक्टरों से ही विभाग काम चला रहा है। बुधवार को दिन में ओपीडी में दो ही डाक्टर मौके पर मिले। इस कारण अस्पताल में आने वाले छह से अधिक मरीजों को अपनी बारी के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा। बुधवार को दोपहर करीब 12 बजे तक कालका सीएचसी में जनरल ओपीडी में चेकअप केे लिए 2 लेडी डॉक्टर ही उपलब्ध थीं। जिनमेें से एक आपातकालीन वार्ड के साथ-साथ ओपीडी भी देख रही थी। विभागीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इन दिनों कालका सीएचसी में छह डाक्टर ही जनरल ओपीडी के लिए मौजूद हैं। जिनमें से एक को आपातकालीन ड्यूटी पर रहना होता है। वहीं दो डाक्टरों में से एक की नाइट ड्यूटी लगती है। जबकी दूसरे डॉक्टर का ऑफ होता है। इसके साथ साथ कुछ दिन पहले ही कालका में तैनात रहे डॉ. गगन व डॉ. गुरप्रीत का भी पंचकूला तबादला कर दिया गया। सूत्रों की मानें तो इन 6 डॉक्टरों में से एक लेडी डॉक्टर का भी जल्द तबादला किए जाने की सूचना है।
कम से कम दस डॉक्टर होने चाहिए
इलाके के लोगों का कहना है कि सरकार मरीजों की परेशानी बढ़ाने पर तुली हुई है। जनता की मांग है कि कालका व आसपास के हजारों लोग इसी अस्पताल पर निर्भर हैं। लेकिन इस हिसाब से डॉक्टरों काफी कम है। लोगों ने सरकार से यहां जनरल ओपीडी के लिए कम से कम 10 डॉक्टर उपलब्ध कराने की मांग की है। वहीं मौजूद डॉक्टरों का तबादला रोकने का भी आग्रह किया है।
करीब 600 मरीज की ओपीडी
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार कालका सीएचसी में रोजाना करीब 600 लोग जनरल ओपीडी में चेकअप कराने आते हैं। इन्हें देखने के लिए बुधवार को दो ही डॉक्टर उपलब्ध थे। जब इस बारे में सीएमओ डॉ. वीके बंसल से बात करने का प्रयास किया गया तो उनसे बात नहीं हो पाई।
पुरानी ओपीडी में लाइट की समस्या
बुधवार को अपने लिए दवा लेने आए मरीजों ने बताया कि वह पिछले एक घंटे से बिना पंखे के बैठे हैं। वह आज से तीन दिन पहले भी दवा लेने आए थे। तब भी यहां लाइट नहीं थी। वहीं अस्पताल में मौजूद एक कर्मी ने बताया कि आपातकालीन वार्ड में लाइट है। लेकिन पुरानी ओपीडी में किसी तकनीकी खामी के कारण लाइट नहीं है।