एजेंडे में भाजपा पार्षदों के प्वाइंट्स नहीं, जताया विरोध
मेयर पर चहेतों का साथ देने का आरोप, 19 को होने वाली है नगर निगम की बैठक
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला।
19 जून को होने वाली नगर निगम की बैठक से पहले भाजपा पार्षदों ने एजेंडे में अपने प्वाइंट्स शामिल न किए जाने को लेकर मोर्चा खोल दिया है। निर्वाचित और मनोनीत छह पार्षदों ने संबंधित वार्डों के विकास कार्यों को एजेंडे में शामिल नहीं किए जाने को एक साजिश करार देते विरोध किया। मामले की शिकायत निगम के आला अधिकारियों को भी दी गई है।
भाजपा के सेक्टर-दो स्थित कार्यालय में भाजपा के तीन पार्षद सीबी गोयल, सुनील तलवार, कृष्ण लांबा के अलावा मनोनीत पार्षद संघमित्रा, विजय कालिया और अरुणा कुमारी सहित भाजपा के जिलाध्यक्ष दीपक शर्मा ने संवाददाताओं के सामने ये बातें कहीं।
जिलाध्यक्ष दीपक शर्मा ने कहा कि निगम के तीन पदेन सदस्यों से भी एजेंडे के बारे में नहीं पूछा गया। जिनमें पंचकूला और कालका के विधायक समेत अंबाला के सांसद भी शामिल हैं। एजेंडे में संबंधित वार्डों के विकास कार्यों की अनदेखी किए जाने से नगर निगम का कामकाज और भी प्रभावित होगा।
पार्षद सीबी गोयल ने कहा कि छह पार्षद पूरे नगर निगम क्षेत्र के करीब 40 फीसदी क्षेत्र का प्रतिनिधिनित्व करते हैं। इसमें उनकी अनदेखी की गई है। एक साल बाद हो रही निगम की इस बैठक में एजेंडे के प्वाइंट को शामिल न करना ज्यादती है। उन्होंने मेयर पर आरोप लगाते हुए कहा कि चहेते पार्षदों के प्वाइंट्स एजेंडे में रखे गए हैं। वहां मौजूद सभी पार्षदों ने इस पर विरोध दर्ज कराते हुए कहा कि अगर उनके प्वाइंट्स एजेंडे में शामिल किए बगैर निगम की बैठक होती है तो बुरा असर पड़ेगा। उधर, मेयर ने कहा कि एजेंडे के लिए सभी से सुझाव मांगे गए थे, जिनका आया उन्हें शामिल किया गया है।
अब भी विकास के कई मुद्दे अनछुए
एजेंडे के 27 प्वाइंट्स में कुछ ऐसे भी हैं, जो नगर निगम के विकास के मुद्दे से अलग हैं। इनमें कुछ ऐसे भी हैं जो पहले की मीटिंग में पास हो चुके हैं। जबकि स्ट्रे डॉग्स और खस्ताहाल सड़कों के मुद्दे को खास तवज्जो नहीं दी गई है।