खरड़। निवेश करने के नाम पर एक एजेंट ने लोगों से 14.65 लाख रुपये ठग लिए। इसके बाद कंपनी अपना सारा काम बंद कर चली गई और लोगों के पैसे डूब गए। थाना सिटी खरड़ पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी की पहचान प्रदीप कालिया वासी गिल्को वैली के रूप में हुई है।
शिकायतकर्ता कैथल निवासी मनजीत सिंह ने पुलिस को बताया कि आरोपी प्रदीप विभिन्न कंपनियों में पैसा निवेश करवाता था। उसकी उससे मुलाकात हुई तो उसने रेडक्रॉस प्रोड्यूसर कंपनी में निवेश करने के लिए कहा। इसके बाद उसने कंपनी में एजेंट के तौर पर काम करना शुरू किया और कई लोगों के पैसे कंपनी में निवेश करवाए। वहीं, 2019 में कंपनी बंद हो गई। इसके बाद उन्होंने प्रदीप से लोगों के निवेश किए 14.65 लाख रुपये लौटाने को कहा तो उसने यह कहते हुए मना कर दिया कि कंपनी बंद हो गई है और वह कुछ नहीं कर सकता। इसके बाद उन्होंने इस संबंध में एसएसपी कार्यालय में शिकायत दी तो शिकायत की जांच डीएसपी हेडक्वार्टर ने करके रिपोर्ट एसएसपी को सौंपी। इसके बाद एसएसपी डॉ. संदीप गर्ग ने डीए लीगल से सलाह लेकर उन्होंने मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए।
देशभर में खोल रखी थीं 10 ब्रांच शिकायतकर्ता ने बताया कि आरोपी ने देशभर में करीब 10 ब्रांच खोल रखी थीं। इन ब्रांच के जरिए वह लोगों से पैसे निवेश करवाते थे। उन्होंने लोगों को एक तय समय के बाद पैसे डबल होने का वादा किया लेकिन बाद में उन्होंने देशभर में खोली ब्रांच एक-एक करके बंद कर दीं।