चंडीगढ़। दिवाली के बाद दिल्ली में कोरोना की रफ्तार बढ़ने के मामले को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य विभाग ने चंडीगढ़ के लोगों के लिए स्वास्थ्य एडवाइजरी जारी की है। स्वास्थ्य निदेशक डॉ. अमनदीप कंग ने एडवाइजरी जारी करते हुए शहरवासियों से दिल्ली-एनसीआर की यात्रा से बचने की सलाह दी है। साथ ही वहां की यात्रा कर लौटने वालों के लिए भी एहतियात बरतने और टेस्ट कराने को कहा है। इसके अलावा कई और निर्देश जारी किए गए हैं।
उधर, शहर में बुधवार को कोरोना के 145 नए मरीज सामने आए। साथ ही एक मरीज की मौत की पुष्टि की गई। नए मरीजों में पुरुषों की संख्या 83 व महिलाओं की संख्या 62 रही। वहीं, जिस मरीज की मौत की पुष्टि की गई उसकी पहचान सेक्टर-46 निवासी 65 वर्षीय वृद्ध के रूप में हुई है, जिन्होंने इलाज के दौरान जीएमसीएच-32 में दम तोड़ दिया। कोरोना पॉजिटिव होने के साथ ही वह सांस की बीमारी से पीड़ित थे। उधर, बुधवार को होम आइसोलेशन में रखे गए 89 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया। वहीं दूसरी तरफ मनीमाजरा से सबसे ज्यादा पॉजिटिव केस आने का सिलसिला बुधवार को भी जारी रहा वहां से 19 मरीज मिले।
चंडीगढ़ियों के लिए हेल्थ एडवाइजरी
1. आने वाले दिनों में दिल्ली और एनसीआर की यात्रा से बचें। यहां कोरोना से संक्रमित होने का खतरा काफी ज्यादा
2. दिल्ली से आने वाले लोग अपने घर के अंदर भी सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें और मास्क पहनें। 15 मिनट से कम समय तक ही संपर्क में रहें
3. दफ्तर और काम करने वाली जगहों पर भी अपने साथियों से दूरी बनाकर रखें। मास्क पहने रहें
4. लक्षण आए या न आए, दिल्ली से आने पर कोरोना की जांच अवश्य कराएं
5. मुफ्त कोरोना जांच के लिए जीएमएसएच-16, सिविल अस्पताल मनीमाजरा, सिविल अस्पताल सेक्टर-22, सिविल अस्पताल सेक्टर-45 में सुविधा मौजूद। शहर के विभिन्न हिस्सों में मोबाइल टेस्टिंग की सुविधा भी मौजूद
6. बस में सफर कर नई दिल्ली से चंडीगढ़ पहुंचने वाले लोग सेक्टर-17 के बस स्टैंड पर मुफ्त में कराएं कोरोना जांच
7. आने वाले दिनों में शहर में कोरोना की जांच की संख्या बढ़ाई जाएगी। पॉजिटिव लोगों को आइसोलेट किया जाएगा और कॉन्ट्रैक्ट ट्रेसिंग को भी तेज करने की तैयारी।
बनेगा ड्राइविंग टेस्टिंग एरिया
डॉ. अमनदीप कंग ने बताया कि बाहर से आने वाले लोगों की शत-प्रतिशत जांच के लिए ड्राइविंग टेस्टिंग एरिया जल्द ही बनाया जाएगा। इसके लिए रोज गार्डन और जीएमएसएच-16 के बीच के पार्किंग एरिया को चिह्नित किया गया है। वहां पर भी बाहर से आने वाले लोग अपनी कोरोना की जांच करा सकेंगे।