चंडीगढ़। सेक्टर-47 लाइट प्वाइंट स्थित झुग्गी में रहने वाले 22 वर्षीय युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान योगेश कुमार के रूप में हुई है। वह एयरफोर्स स्टेशन में मजदूरी का काम करता था। पुलिस की शुरुआती जांच में योगेश की डेढ़ साल पहले लव मैरिज हुई थी लेकिन पत्नी से अनबन के चलते वह परेशान रहता था। आशंका है कि इसी के चलते उसने अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। सेक्टर-31 थाना पुलिस ने 174 सीआरपीसी के तहत मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
घटना बुधवार शाम करीब 5 बजे की है। पुलिस को सूचना मिली कि सेक्टर-47 लाइट प्वाइंट स्थित झुग्गी में एक युवक ने फंदा लगाया है। सूचना पर पीसीआर ने युवक को जीएमसीएच-32 पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस जांच में सामने आया कि योगेश ने करीब डेढ़ साल पहले लव मैरिज की थी। पुलिस के अनुसार, बुधवार शाम उसकी पत्नी सात महीने के बेटे को लेकर नजदीकी बाजार गई थी। इस दौरान योगेश घर पर अकेला था। थोड़ी देर बाद वापस लौटी तो योगेश ने पत्नी की चुन्नी से घर में फंदा लगाया था। शोरशराबे के बाद आसपास के लोग जमा हो गए। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस की जांच में सामने आया कि योगेश और उसकी पत्नी में अक्सर किसी बात को लेकर अनबन होती रहती थी। इस वजह से योगेश पिछले काफी समय से परेशान चल रहा था। आशंका है कि इसी के चलते योगेश ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। फिलहाल सेक्टर-31 थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है, जहां कोविड-19 की रिपोर्ट आने के बाद पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
दो दिन में चौथी आत्महत्या
बता दें कि शहर के अलग-अलग हिस्सों में पिछले दो दिनों में चौथी आत्महत्या का मामला सामने आया है। सोमवार देर शाम सेक्टर-1 में सीआईएसएफ के जवान ने फंदा लगाया था। मंगलवार शाम सेक्टर-25 निवासी 75 वर्षीय शांति ने फंदा लगा था। वहीं अगले एक घण्टे बाद धनास स्थित अपने घर में पंजाब यूनिवर्सिटी की छात्रा ने फंदा लगाकर जान दी थी।