परीक्षा के लिए कुरुक्षेत्र जिला में 50 केंद्र बनाए गए, जिनमें पिहोवा में पांच व शाहाबाद में 8 केंद्र शामिल रहे। परीक्षा देने के लिए सोनीपत, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, नारनौल, हिसार से लेकर प्रदेश के अन्य जिलों से भी अभ्यर्थी पहुंचे। अधिक दूरी होने के कारण जहां हजारों अभ्यर्थी शनिवार देर रात को ही पहुंच गए तो वहीं अमर उजाला ने परीक्षा देने आए अभ्यर्थियों से हालात जाने तो सभी ने कड़ी ठंड व अधिक दूरी पर परीक्षा केंद्र बनाए जाने को ही अधिक अनुपस्थिति का कारण जाहिर किया।
जींद व कैथल की पैसेंजर ट्रेन रही रद्द, बढ़ी मुश्किल
जींद, कैथल व हिसार क्षेत्र से आए सैंकड़ों अभ्यर्थियों को परीक्षा के बाद उस समय बड़ा झटका लगा जब वे वापस घर लौटने के लिए रेलवे स्टेशन पर पहुंचे और जींद की ओर जाने वाली पैसेंजर ट्रेन रद्द मिली। इसके बाद ये अभ्यर्थी बस पकड़ने के लिए लौटे तो वहां भी छतों पर ही सफर करना पड़ा। वहीं अनेकों अभ्यर्थी मजबूरी के चलते नहीं जा पाए और रात को स्टेशन पर रुकना पड़ा।
अंबाला से बुलाई फोर्स, रेलवे लाइनों पर संभाला मोर्चा
जीआरपी व आरपीएफ की अंबाला से फोर्स की एक कंपनी पहुंची, जिसने स्टेशन पर उमड़ी अभ्यर्थियों की भीड़ को नियंत्रित किया। पुलिस कर्मियों ने रेलवे ट्रक पर खड़े होकर मोर्चा संभालना पड़ा, इसके बावजूद भी दिल्ली व अंबाला की ओर जाने वाली ट्रेनों में सवार होने के लिए अभ्यर्थियों में हड़कंप सा मचा रहा। यहां तक कि खिड़कियों में भी लटके रहे।
परीक्षा को सुचारू रूप से चलाने के लिए 9 नोडल अधिकारी व 15 ड्यूटी मजिस्ट्रेट निगरानी करते रहे। इनमें उपमंडल अधिकारी थानेसर, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी, जिला राजस्व अधिकारी , उपमंडल अधिकारी शाहबाद, उपमंडल अधिकारी पिहोवा, जिला कल्याण अधिकारी , जिला नगर योजनाकार , उपनिदेशक कृषि विभाग को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया।
वहीं मत्स्य अधिकारी कुरुक्षेत्र, कार्यकारी अभियंता सिंचाई विभाग कुरुक्षेत्र, नायब तहसीलदार इस्माईलाबाद, तहसीलदार थानेसर, नायब तहसीलदार बाबैन, खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी इस्माईलाबाद, सचिव रेडक्रास सोसायटी कुरुक्षेत्र, जिला बाल कल्याण अधिकारी कुरुक्षेत्र, खंड विकास एवं पंचायत पिपली, खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी थानेसर, नायब तहसीलदार लेखा, तहसीलदार लाडवा, नायब तहसीलदार पिहोवा, खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी पिहोवा व तहसीलदार शाहाबाद ड्यूटी मजिस्ट्रेट रहे।
सफल रूप से संपन्न हुई परीक्षा : यादव
परीक्षा के नोडल अधिकारी व एसडीएम अनिल यादव ने बताया कि सभी केंद्रों पर परीक्षा सफल व नकल रहित रही। परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी सामने नहीं आई जबकि इसकी निगरानी के लिए पर्याप्त पुलिस व अन्य स्टाफ तैनात किया गया। बड़ी संख्या में अनुपस्थित रहे अभ्यर्थियों को लेकर वे चुप्पी साध गए।