फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कड़ाके की ठंड और 200 किमी.की दूरी बनी करियर में रोड़ा, 12326 अभ्यर्थी नहीं दे पाए परीक्षा

Mon, 31 Dec 2018 09:22 AM IST
खुशबू गोयल न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कुरुक्षेत्र (हरियाणा)
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : डेमो
विज्ञापन

कड़ाके की ठंड और 200 किलोमीटर से भी अधिक दूरी करीब 12326 युवक-युवतियों के करियर में रोड़ा बन गई, जो हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग द्वारा पुलिस विभाग में सिपाही पद के लिए रविवार को आयोजित सुबह व सायं के सत्र की परीक्षा में शामिल नहीं हो पाए। परीक्षा से 5278 महिला व 8048 पुरुष अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे, जिसके पीछे ठंड व बेहद दूरी पर बने परीक्षा केंद्रों को ही माना जा रहा है। 

विज्ञापन


प्रदेश के विभिन्न जिलों से यहां पहुंचे 15694 अभ्यर्थियों में से भी अधिकतर को परीक्षा से पहले ही कड़ी परीक्षा देनी पड़ी। सुबह के सत्र की परीक्षा में शामिल होने के लिए हजारों महिला अभ्यर्थी परीक्षा से एक दिन पहले ही यहां पहुंची, जिन्हें रेलवे स्टेशन से लेकर धर्मशालाओं का सहारा लेना पड़ा। 
    
कंपकपाती ठंड के बीच अभ्यर्थियों में बीमार पड़ने का भी भय बना रहा तो इसी के चलते परीक्षा संपन्न होने के बाद देर रात तक वे बसों व ट्रेनों में सवार होकर अपने-अपने घरों के लिए रवाना होते रहे। इसके लिए भी उन्हें टिकट लेने से लेकर सीट हासिल करने के लिए भी कड़ी जद्दोजहद करनी पड़ी। यही नहीं परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले भी कड़ी जांच से गुजरना पड़ा तो आसपास के दुकानदारों ने भी बैग व अन्य सामान आदि रखवाने के लिए 50 से लेकर 150 रुपये तक की वसूली की। 
विज्ञापन


ये रही अभ्यर्थियों की उपस्थिति
सुबह के सत्र में महिला अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा का आयोजन किया गया, जिसमें 14010 में से 8732 अभ्यर्थी शामिल हुई तो सायं के सत्र में पुरुष अभ्यर्थियों की परीक्षा ली गई, जिसमें 14010 में से महज 6962 अभ्यर्थी ही परीक्षा में शामिल हुए। 

सोनीपत ,महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, नारनौल, कैथल ,हिसार के भी अभ्यर्थी पहुंचे

सांकेतिक तस्वीर
परीक्षा के लिए कुरुक्षेत्र जिला में 50 केंद्र बनाए गए, जिनमें पिहोवा में पांच व शाहाबाद में 8 केंद्र शामिल रहे। परीक्षा देने के लिए सोनीपत, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, नारनौल, हिसार से लेकर प्रदेश के अन्य जिलों से भी अभ्यर्थी पहुंचे। अधिक दूरी होने के कारण जहां हजारों अभ्यर्थी शनिवार देर रात को ही पहुंच गए तो वहीं अमर उजाला ने परीक्षा देने आए अभ्यर्थियों से हालात जाने तो सभी ने कड़ी ठंड व अधिक दूरी पर परीक्षा केंद्र बनाए जाने को ही अधिक अनुपस्थिति का कारण जाहिर किया।  

जींद व कैथल की पैसेंजर ट्रेन रही रद्द, बढ़ी मुश्किल
जींद, कैथल व हिसार क्षेत्र से आए सैंकड़ों अभ्यर्थियों को परीक्षा के बाद उस समय बड़ा झटका लगा जब वे वापस घर लौटने के लिए रेलवे स्टेशन पर पहुंचे और जींद की ओर जाने वाली पैसेंजर ट्रेन रद्द मिली। इसके बाद ये अभ्यर्थी बस पकड़ने के लिए लौटे तो वहां भी छतों पर ही सफर करना पड़ा। वहीं अनेकों अभ्यर्थी मजबूरी के चलते नहीं जा पाए और रात को स्टेशन पर रुकना पड़ा। 

अंबाला से बुलाई फोर्स, रेलवे लाइनों पर संभाला मोर्चा
जीआरपी व आरपीएफ की अंबाला से फोर्स की एक कंपनी पहुंची, जिसने स्टेशन पर उमड़ी अभ्यर्थियों की भीड़ को नियंत्रित किया। पुलिस कर्मियों ने रेलवे ट्रक पर खड़े होकर मोर्चा संभालना पड़ा, इसके बावजूद भी दिल्ली व अंबाला की ओर जाने वाली ट्रेनों में सवार होने के लिए अभ्यर्थियों में हड़कंप सा मचा रहा। यहां तक कि खिड़कियों में भी लटके रहे।
विज्ञापन

9 नोडल अधिकारी व 15 ड्यूटी मजिस्ट्रेट ने की निगरानी  

परीक्षा को सुचारू रूप से चलाने के लिए 9 नोडल अधिकारी व 15 ड्यूटी मजिस्ट्रेट निगरानी करते रहे। इनमें उपमंडल अधिकारी  थानेसर, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी, जिला राजस्व अधिकारी , उपमंडल अधिकारी शाहबाद, उपमंडल अधिकारी पिहोवा, जिला कल्याण अधिकारी , जिला नगर योजनाकार , उपनिदेशक कृषि विभाग को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया। 

वहीं मत्स्य अधिकारी कुरुक्षेत्र, कार्यकारी अभियंता सिंचाई विभाग कुरुक्षेत्र, नायब तहसीलदार इस्माईलाबाद, तहसीलदार थानेसर, नायब तहसीलदार बाबैन, खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी इस्माईलाबाद, सचिव रेडक्रास सोसायटी कुरुक्षेत्र, जिला बाल कल्याण अधिकारी कुरुक्षेत्र, खंड विकास एवं पंचायत पिपली, खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी थानेसर, नायब तहसीलदार लेखा, तहसीलदार लाडवा, नायब तहसीलदार पिहोवा, खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी पिहोवा व तहसीलदार शाहाबाद ड्यूटी मजिस्ट्रेट रहे। 

सफल रूप से संपन्न हुई परीक्षा : यादव
परीक्षा के नोडल अधिकारी व एसडीएम अनिल यादव ने बताया कि सभी केंद्रों पर परीक्षा सफल व नकल रहित रही। परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी सामने नहीं आई जबकि इसकी निगरानी के लिए पर्याप्त पुलिस व अन्य स्टाफ तैनात किया गया। बड़ी संख्या में अनुपस्थित रहे अभ्यर्थियों को लेकर वे चुप्पी साध गए।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें