जिला प्रशासन ने मंगलवार को जम्मू-कश्मीर से संबंधित 348 व्यक्तियों को बसों के माध्यम से वापस भेजा है। इससे पहले भी प्रशासन ने 567 व्यक्तियों को जम्मू-कश्मीर वापस भेजा था। संबंधित एसडीएम की देखदेख में सब-डिवीजन होशियारपुर, दसूहा, गढ़शंकर व मुकेरियां से बसों के माध्यम से आज जम्मू-कश्मीर से संबंधित 348 व्यक्तियों को रवाना कर दिया गया है।
जिला होशियारपुर से अलग-अलग राज्यों को जाने वाले व्यक्तियों का रजिस्ट्रेशन भी किया जा रहा है व अब तक करीब 20 हजार व्यक्ति पंजीकृत हो चुके हैं। इन सभी व्यक्तियों की स्क्रीनिंग की जा रही है और बसों से भेजने की योजना बनाई गई है।
डिप्टी कमिश्नर अपनीत रियात ने बताया कि सूबे में दूसरे राज्यों के फंसे लोगों को वापस जाने के लिए स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसिजर (एसओपी) जारी किए गए हैं। उन्होंने बताया कि जो व्यक्ति अपने गृह राज्य वपस जाना चाहते हैं, वे ऑनलाइन अप्लाई कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि एक बार यदि कोई व्यक्ति अपने परिवार, समूह के लिए लिंक पर प्रोफार्मा भरता है तो उसके पूरे परिवार, समूह के लिए एक सिस्टम से जनरेट आईडी मिलेगी, जिसको वह संभाल कर रखें। उन्होंने कहा कि पंजीकृत व्यक्तियों की वापसी संबंधी जिला प्रशासन की ओर से पुख्ता प्रबंध किए जाएंगे।
जिले से मंगलवार रात करीब सवा आठ बजे प्रयागराज के लिए एक स्पेशल ट्रेन चलाई गई, जिसमें 900 से ज्यादा प्रवासियों को रवाना कर दिया गया। वहीं रेलवे की तरफ से लुधियाना से पांच और ट्रेन को मंजूरी मिलने की सूचना है। इन ट्रेन में प्रवासियों को भेजने की जिम्मेदारी नगर निगम को दी गई है। जैसे ही रेलवे से इन ट्रेन का शेड्यूल मिलेगा, निगम अफसर तुरंत काम करना शुरू कर देंगे। प्रवासियों को स्टेशन तक लाने के लिए 100 बसों को तैयार किया गया है। निगम ने अपने मुलाजिमों की 100 टीम तैयार की है, प्रत्येक टीम को एक बस दी गई है।
प्रत्येक बस में निगम, पुलिस और सेहत विभाग के मुलाजिम की ज्वाइंट टीम तैनात रहेगी। जिन लोगों ने जाने के लिए रजिस्ट्रेशन करवाया है, उनका चयन थाना स्तर पर होगा। प्रत्येक टीम को 30 प्रवासियों को लाने की जिम्मेदारी दी गई है। प्रवासियों को एसएमएस या फिर फोन कॉल कर एक निश्चित जगह पर आने के लिए कहा जाएगा। ट्रेन चलने से चार घंटे पहले ही प्रवासियों से तालमेल किया जाएगा। उन्हें ऑनलाइन आवेदन किए गए पास की कॉपी, पहचान पत्र अपने साथ रखने के लिए कहा जाएगा। सभी चीजें जांच करने के बाद सैनिटाइज कर उन्हें बस में बैठाया जाएगा।
4.66 लाख ने घर जाने को करवा रखा है रजिस्ट्रेशन
लुधियाना से घर जाने के इच्छुक 4.66 लाख लोगों ने अपने रजिस्ट्रेशन ऑनलाइन करवाया है। इसमें सबसे ज्यादा संख्या उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड प्रदेश की है। प्रशासन के पास इन सभी की लिस्ट पहुंच चुकी है। जो भी ट्रेन पहले जाने के लिए रेलवे मुहैया करवाएगा, उसी अनुसार, प्रशासन प्रवासियों को फोन कर इसकी जानकारी देंगे। इतनी संख्या में प्रवासियों को पलायन करने से इंडस्ट्री में दहशत का माहौल साफ दिखाई दे रहा है क्योंकि लेबर के जाने के बाद कारोबारियों के लिए फैक्टरी चलाना भारी पड़ सकता है।