11 लोकल रैंक इंस्पेक्टर अब बने नियमित इंस्पेक्टर
डीजीपी ने तत्काल प्रभाव से जारी किए आदेश, पे लेवल-7 के तहत मिलेगा वेतन मौजूदा तैनाती बरकरार
चंडीगढ़। चंडीगढ़ पुलिस में 11 इंस्पेक्टरों को डीएसपी पद पर पदोन्नत करने के बाद अब 11 लोकल रैंक इंस्पेक्टरों को नियमित इंस्पेक्टर बनाया गया है। डीजीपी डॉ. सागर प्रीत हुड्डा के आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होंगे। पदोन्नत अधिकारियों को केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ कर्मचारी (संशोधित वेतन) नियम, 2023 के तहत पे लेवल-7 का वेतनमान मिलेगा। पुलिस मुख्यालय की ओर से देर शाम जारी आदेश के अनुसार, इन अधिकारियों को 21 जुलाई 2026 को जारी आदेश के तहत लिस्ट ‘एफ’ में शामिल किया गया था। इसके बाद इन्हें इंस्पेक्टर (एग्जीक्यूटिव) के पद पर पदोन्नत करने का निर्णय लिया गया।
नियमित इंस्पेक्टर के पद पर पदोन्नत होने वालों में रवदीप सिंह, चंद्रमुखी, दलजीत सिंह, आशा देवी, जसकिरनदीप कौर, सूर्या प्रकाश, प्रेम सिंह, हरनेक सिंह, कुलविंदर कौर, गुरविंदर सिंह और किरांता शामिल हैं।
दो इंस्पेक्टर नियमित पदों पर समायोजित
आदेश में इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार और इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह का भी उल्लेख है। दोनों को एग्जीक्यूटिव कैडर में इंस्पेक्टर के दो नियमित रिक्त पदों के विरुद्ध समायोजित किया गया है। इससे पहले उनकी पदोन्नति विजिलेंस सेल के स्वीकृत पदों के विरुद्ध हुई थी। गुरविंदर सिंह और किरांता को विजिलेंस सेल के एक्स-कैडर रिक्त पदों के विरुद्ध पदोन्नत किया गया है। आदेश के अनुसार, यदि विजिलेंस सेल में तैनात कोई इंस्पेक्टर वापस लौटता है या उसे मूल कैडर में भेजा जाता है, तो इन दोनों अधिकारियों को बिना नोटिस दिए इंस्पेक्टर/लोकल रैंक के मूल पद पर वापस किया जा सकता है। पदोन्नति के बाद सभी संबंधित अधिकारी अपने वर्तमान तैनाती स्थल पर ही कार्यरत रहेंगे। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि पदोन्नति में आरक्षण से संबंधित न्यायालयी आदेशों और चंडीगढ़ प्रशासन या भारत सरकार के नीतिगत निर्णयों का पालन करना होगा।