बता दें कि चंडीगढ़ में अप्रैल में ही स्थिति बीते सितंबर जैसी भयावह होने लगी है। शनिवार को 2021 में अब तक के सबसे ज्यादा 310 कोरोना मरीज सामने आए हैं। वहीं, बीते साल 11 सितंबर को 305 संक्रमित मिले थे। शनिवार को एक संक्रमित की मौत की पुष्टि की गई। सेक्टर-40 निवासी 74 साल के वृद्ध की जीएमएसएच-16 में इलाज के दौरान मौत हो गई।
वह कोरोना संक्रमित होने के साथ मधुमेह और उच्च रक्तचाप से पीड़ित थे, जबकि एकांतवास में रखे गए 245 मरीजों को 10 दिन की अवधि पूरी करने पर छुट्टी दे दी गई। संक्रमित मरीजों में 169 पुरुष और 144 महिलाएं हैं। वहीं, सबसे ज्यादा मनीमाजरा से 22, सेक्टर-44 और 20 से 10-10 मरीज, सेक्टर-8, 18, 26, 37, 44, 45 से 9-9 मरीज मिले हैं।
अस्पतालों में बिस्तर भरे, स्थिति गंभीर
संक्रमित मरीजों की बढ़ती संख्या के कारण धनवंतरि आयुर्वेदिक चिकित्सालय के सभी बिस्तर भर चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग एक-दो दिन के अंदर सूद धर्मशाला खोलने की तैयारी में है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जीएमएसएच-16, जीएमसीएच-32 व पीजीआई में चंडीगढ़ के 200 से ज्यादा संक्रमित मरीज भर्ती हैं।
वहीं, सेक्टर-48 अस्पताल भी कोविड-19 के मरीजों के लिए खोल दिया गया है। कोरोना के गंभीर मरीजों की तेजी से बढ़ती संख्या के चलते जीएमसीएच-32 और जीएमएसएच-16 का कोविड-19 आईसीयू भर चुका है। वहीं, पीजीआई के कोरोना डेडिकेटेड हॉस्पिटल की आईसीयू में भी कुछ ही बिस्तर बचे हैं।