प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत अभियान की कार्ययोजना इसी माह चंडीगढ़ में तैयार होगी। इस पर मंथन के लिए दस राज्यों के मुख्यमंत्री 19 मई को चंडीगढ़ में जुटेंगे। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर पूरे कार्यक्रम में अहम भूमिका निभा रहे हैं। हरियाणा सरकार की ओर से इस बाबत तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जल्द ही औपचारिक घोषणा कर दी जाएगी।
सूत्रों के मुताबिक बैठक में बड़े पैमाने पर कार्ययोजना तैयार की जाएगी ताकि प्रधानमंत्री के स्वच्छता अभियान के सपने को साकार किया जा सके। इस साल 8 फरवरी को नीति आयोग की गवर्निंग काउंसिल की बैठक में पीएम की अध्यक्षता में स्वच्छ भारत अभियान के लिए मुख्यमंत्रियों का एक उप समूह बना था।
आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, बिहार, दिल्ली, हरियाणा, महाराष्ट्र, मिजोरम, सिक्किम, प. बंगाल और उत्तराखंड के सीएम इसके सदस्य हैं। आंध्र प्रदेश के सीएम एन चंद्रबाबू नायडू को उप समूह का कनवीनर बनाया गया है। बैठक में संबंधित राज्यों के मंत्रियों को भी बुलाया जाएगा। मामला पीएम से जुड़ा है इसलिए प्रयास यह है कि सभी सीएम बैठक में उपस्थित रहें। कार्यक्रम में नीति आयोग के अधिकारी और हरियाणा के अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।