चंडीगढ़। शहीद भगत सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट चंडीगढ़ पर बीते 10 दिनों से इंडिगो एयरलाइन की उड़ानों में चल रही अव्यवस्था अब धीरे-धीरे खत्म हो रही है। इस अवधि में 112 उड़ानें रद्द हुईं जिससे करीब 22 हजार यात्रियों की यात्रा प्रभावित हुई। वीरवार को संचालन सामान्य होने की ओर बढ़ा और एयरपोर्ट अथॉरिटी की ओर से यात्रियों के लिए बनाए गए कंट्रोल रूम, हेल्प डेस्क और हेल्पलाइन को अभी जारी रखा गया है।
एयरपोर्ट पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में एयरपोर्ट अथॉरिटी लिमिटेड के सीईओ अजय वर्मा ने बताया कि इंडिगो की कुल 32 में से 28 उड़ानें वीरवार को संचालित कर दी गईं। उन्होंने कहा कि पिछले दिनों उड़ानों के बिगड़े संचालन के कारण यात्रियों का बैगेज भी बड़ी समस्या बन गया था। एयरपोर्ट प्रबंधन ने अब तक 51 बैग यात्रियों तक पहुंचा दिए हैं जबकि दूसरे स्टेशनों से मिले 31 बैग भी जल्द डिलीवर कर दिए जाएंगे। वर्मा ने बताया कि ड्यूटी टर्मिनल मैनेजर, एमआईएचवाई टीम, डिजी बडीज व एयरलाइन स्टाफ ने एयरपोर्ट पर यात्रियों से सीधे बातचीत कर शिकायतों का समाधान किया। यात्रियों के लिए अतिरिक्त बैठने की व्यवस्था भी की गई। सामान्य दिनों में इंडिगो के लगभग 7 हजार यात्री सफर करते हैं, जबकि एयरपोर्ट पर कुल 12 हजार यात्रियों की औसत आवाजाही रहती है।
डीजीसीए की ऑब्जर्वर टीम ने किया निरीक्षण
इंडिगो के संचालन में गड़बड़ी के बाद डीजीसीए ने एक ऑब्जर्वर नियुक्त किया था। वीरवार को उन्होंने एयरपोर्ट का दौरा कर यात्रियों की सुविधाओं, उड़ानों की टाइमिंग, तकनीकी संचालन व व्यवस्थाओं का सूक्ष्म निरीक्षण किया। रिपोर्ट तैयार कर डीजीसीए को भेजी जाएगी।
उड़ानों के डिले का हाल
10 दिसंबर को फ्लाइटों का डिले रेट 86.5% रहा और औसत देरी 20 मिनट दर्ज की गई।
यात्री संख्या:
10 दिसंबर : 4454
11 दिसंबर : 4000
12 दिसंबर को ये उड़ानें रहेंगी प्रभावित
6ई5261 चंडीगढ़–मुंबई (05:20)
6ई6634 चंडीगढ़–बंगलुरू (08:00)
6ई6254 चंडीगढ़–हैदराबाद (16:20)
6ई760 चंडीगढ़–दिल्ली (18:00)
कैसे निकला यात्रियों का आंकड़ा
ट्रेवल एजेंट अंकुश चड्ढा के अनुसार एक उड़ान में औसतन 200-220 यात्री होते हैं। ऐसे में 112 उड़ानें रद्द होने पर लगभग 22,000–24,000 यात्री प्रभावित हुए होंगे। उनका कहना है कि भले ही इंडिगो उड़ान कैंसलेशन की जानकारी 10 घंटे पहले दे दे लेकिन अंतिम समय में यात्रा योजनाएं बिगड़ने से यात्रियों को भारी परेशानी होती है। उधर, अव्यवस्था अब नियंत्रण में है और एयरपोर्ट अथॉरिटी को उम्मीद है कि अगले 24–48 घंटों में इंडिगो की सभी उड़ानें पूरी तरह सामान्य संचालन में लौट आएंगी।