चंडीगढ़। मनीमाजरा के इंदिरा कालोनी में स्विफ्ट कार बेचने के नाम पर एक व्यक्ति से 1.40 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर आईटी पार्क थाना पुलिस ने राजस्थान निवासी भगत सिंह, राजगढ़ निवासी राजेश और गुरुग्राम निवासी शाहरुख के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में रामराज ने बताया कि भगत सिंह, राजेश और शाहरूख ने चंडीगढ़ नंबर की एक स्विफ्ट कार बेचने के लिए विज्ञापन दिया था। इसे देखने के बाद रामराज ने कार खरीदने के लिए उनसे संपर्क किया। इसके बाद तीनों ने उससे पेटीएम के जरिए 1.40 लाख रुपये मंगवा लिया। शातिरों ने जल्द उसे कार की डिलीवरी देने की बात कही, लेकिन पैसे लेने के बाद तीनों कार की डिलीवरी देने में टालमटोल करने लगे। इससे परेशान होकर रामराज ने मामले की शिकायत पुलिस को दी। शिकायत की जांच करने के बाद तीनों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।