टोमेटो कीवी, ग्रीन चटनी, कीवी हलवा, पनीर कीवी टिक्का, कीवी जैम, और भी कई तरह के कीवी के लजीज व्यंजन...।
अमर उजाला, जेस्प्री कीवी फ्रूट और पल्लवी के सहयोग से आयोजित कुकरी वर्कशॉप के दौरान नमक शमक फेम के मशहूर शेफ हरपाल सिंह सोखी ने एक के बाद एक बेहतरीन व्यंजन पेश कर युवतियों व महिलाओं का दिल जीत लिया।
जेस्प्री कीवी फ्रूट के कंट्री हेड रीतेष भिमानी ने बताया कि कीवी में सेब से पांच गुना ज्यादा पौष्टिक तत्व होते हैं, जबकि संतरे सहित कई और फलों से भी इसमें कई गुना अधिक पौष्टिक तत्व हैं।
जल्द ही देश में गोल्डन कीवी को भी लांच किया जाएगा, जो मीठा होने के साथ-साथ सेहत के लिए भी फायदेमंद है। इसकी कीमत ज्यादा है, लेकिन इससे होने वाले फायदे कई गुना अधिक हैं। डेंगू पीड़ित हो या गर्भवती महिलाएं, सभी के लिए कीवी बेहद फायदेमंद है। न्यूजीलैंड के इस फल की पौष्टिकता के साथ-साथ यह शुगर के मरीजों के लिए भी फायदेमंद है।
पल्लवी में शेफ हरपाल सिंह सोखी ने कहा कि अलग-अलग व्यंजन बनाने के लिए महिलाओं को भी हाथ आजमाना चाहिए। उन्होेंने कीवी के चार प्रमुख व्यंजनों का लाइव डेमान्स्ट्रेशन देकर लोगों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। हरपाल ने कीवी फ्रूूट के साथ खूब हंसी मजाक कर माहौल को खुशनुमा बनाए रखा। सिखाने की इसी दरियादिली के कारण उनकी हर गतिविधि आकर्षण का केंद्र रही। हरपाल सिंह सोखी ने बोलियां भी पाई।
होटल के जीएम विवेक नायक ने कहा कि अमर उजाला की ओर से की गई यह पहल बेहद सराहनीय है। इसमें नयापन के साथ कई और खूबियां हैं, जिससे महिलाओं का रूपांतरण क्लब और इससे जुड़ी गतिविधियों की तरफ रुझान बढ़ेगा। हरपाल सिंह ने बच्चों को कीवी पॉप्स भी खिलाए और बड़ों ने भी इसका खूब लुत्फ उठाया। इस दौरान कई सवाल भी किए गए, जिसका सही जवाब देने वाली युवतियों को सम्मानित किया गया।
इस कार्यक्रम की एंकरिंग शैली तनेजा ने की, जबकि कूजीन ऑथर, कूकरी एक्सपर्ट और न्यूट्रीशनिस्ट सरिता खुराना ने संयोजन किया। वहीं, हरमनप्रीत कौर ने भी भरपूर सहयोग दिया।