प्रदेश में 1400 शिक्षकों के प्रमोशन का रास्ता साफ हो गया है। सहायक अध्यापक से प्रवक्ता के पद पर डीपीसी हो चुकी है। शिक्षा निदेशक आरके कुंवर के मुताबिक इसी महीने से इनकी काउंसिलिंग कर पदस्थापना की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। बता दें कि एलटी से प्रवक्ता के पद पर प्रमोशन के लिए शिक्षक डेढ़ साल से इंतजार कर रहे हैं।
प्रदेश में सहायक अध्यापक एलटी से प्रवक्ता के पदों पर लोक सेवा आयोग में शिक्षकों की डीपीसी हो चुकी है। इसके बाद शिक्षकों की प्रमोशन के पदों पर तैनाती की जाएगी।
शिक्षकों के लिए होगी दोहरी खुशी
खास बात यह है कि नियमावली के अनुरूप दुर्गम और अति दुर्गम विद्यालयों की सेवा पूरी कर चुके प्रमोशन पाने वाले शिक्षकों की सुगम विद्यालयों में भी तैनाती हो सकेगी।
प्रमोशन और सुगम में तैनाती कई शिक्षकों के लिए दोहरी खुशी होगी। शिक्षा निदेशक आरके कुंवर के मुताबिक शिक्षकों की काउंसिलिंग कर उनके पदोन्नति के पदों पर तैनाती की जाएगी। पदों की संख्या अधिक होने से काउंसिलिंग की प्रक्रिया अप्रैल से शुरू होगी, जो मई महीने तक चल सकती है।