राज्यपाल केके पाल ने विद्यालयी शिक्षा विभाग में स्नातक वेतनक्रम (एलटी) के 2780 पदों और प्रवक्ता वेतनक्रम के 1213 पदों के लिए सीधी भर्ती के चयनित अभ्यर्थियों को शिक्षकों की स्थानांतरण नियमावली के तहत पर्वतीय जनपदों के दुर्गम व अति दुर्गम क्षेत्रों में तैनाती देने के निर्देश दिए हैं।
राज्यपाल ने शिक्षकों की तैनाती को लेकर मंगलवार को समीक्षा बैठक ली। उन्होंने निर्देश दिए कि सीधी भर्ती के पदों के सापेक्ष दुर्गम व अति दुर्गम क्षेत्रों में जरूरत के हिसाब से शिक्षक उपलब्ध कराने के लिए स्थानांतरण नियमावली में दी गई व्यवस्था के अनुरूप ट्रांसफर किए जाएं।
बता दें सोमवार को शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में राज्यपाल ने विभागीय अधिकारियों को सहायक अध्यापक एलटी के 2700 से अधिक अभ्यर्थियों को दस दिन के भीतर नियुक्ति देने के निर्देश दिए थे। वहीं, प्राविधिक शिक्षा परिषद रुड़की को परीक्षाफल शीघ्र घोषित करने के लिए कहा गया है।
22 गायब शिक्षकों का वेतन काटा
शिक्षा विभाग के विशेष अभियान के तहत 11 व 12 अप्रैल को सूबे के 422 विद्यालयों में औचक निरीक्षण किया गया। इसमें अनुपस्थित पाए गए 22 शिक्षकों का एक दिन का वेतन काट दिया गया है। शिक्षा महानिदेशक डी सेंथिल पांडियन ने यह कार्रवाई की।
शिक्षा विभाग की ओर से किए गए औचक निरीक्षण में 22 शिक्षक बिना अवकाश अनुपस्थित पाए गए। इनका एक दिन का वेतन काटने का आदेश किया गया। इसके अलावा 70 ऐसे शिक्षक भी पाए गए जो कि दैनिक रिपोर्ट नहीं बना रहे थे।
13 विद्यालय ऐसे थे जहां उपचारात्मक शिक्षण नहीं हो रहा था। शिक्षा महानिदेशक डी सेंथिल पांडियन ने ऐसे शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।