सेंट्रल यूनिवर्सिटी जम्मू में पीजी/यूजी कोर्स (5/2/3 साल प्रोग्राम) और पीएचडी प्रोग्राम में दाखिले के लिए आगामी 21 और 22 मई को हो रहे कामन एंट्रेंस टेस्ट के लिए पहली बार परीक्षार्थी उत्तर पुस्तिकाएं की कार्बन कापी साथ ले जा सकेंगे। यह व्यवस्था परीक्षा में पारदर्शिता लाने के लिए की गई है।
सेंट्रल यूनिवर्सिटी राजस्थान के बैनर तले देशभर की नौ सेंट्रल यूनिवर्सिटी में एक साथ यह टेस्ट करवाए जा रहे हैं। इसके लिए देशभर में 150 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं। परीक्षा के दूसरे दिन ही उत्तर की राजस्थान और जम्मू सेंट्रल यूनिवर्सिटी की वेबसाइट पर जारी कर दी जाएगी।
दाखिला इंचार्ज अकादमिक कोआर्डिनेटर प्रो. लोकेश वर्मा के अनुसार परीक्षा के लिए सारी तैयारियां पूरी की जा रही हैं। इसमें जम्मू के साथ उधमपुर और कठुआ में परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं। नए सत्र से आठ नए विषय शुरू किए जा रहे हैं। परीक्षा के नतीजे 17 जून को घोषित होंगे।
यूनिवर्सिटी में विभिन्न विभागों में एक-एक सीट के लिए कड़ी स्पर्धा होगी। इन कोर्सों में दाखिले के लिए करीब दस हजार आनलाइन आवेदन आए हैं। करीब छह सौ सीटों में से बारहवीं के बाद करवाए जाने वाले इंटिग्रेटिड कोर्सों की 120 सीटें शामिल होंगी।
परीक्षा के लिए जम्मू में केंद्रीय विद्यालय दो, गवर्नमेंट बॉयज हायर सेकेंडरी स्कूल गांधीनगर, गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल शास्त्रीनगर, सेंट पीटर स्कूल बीसी रोड, एमसी खालसा आफ एजूकेशन चांद नगर और उधमपुर और कठुआ में एक-एक केंद्र स्थापित किया गया है।
परीक्षा में पीजी सीटों के लिए चालीस फीसदी और शोध सीटों के लिए पचास फीसदी अंकों के साथ उत्तीर्ण होने वाला विद्यार्थी क्वालीफाई होगा। परीक्षा नतीजों के बाद मेरिट के आधार पर विद्यार्थियों को दाखिला दिया जाएगा।