सफलता हासिल करने के बाद खुश दिखे छात्र
- फोटो : Amar Ujala
विद्यार्थियों ने आंखों में कई सपने संजोए एक कदम और आगे बढ़ाया गया। कड़ी मेहनत और बुलंद हौसलों से कामयाबी लिखी गई। सीबीएसई की दसवीं की परीक्षा में डंका बजाने वाले इन विद्यार्थियों ने यह कमाल कर दिखाया, लेकिन अब दसवीं के बाद कॅरियर के अहम पड़ाव के लिए विषयों के चयन को लेकर जोड़तोड़ होगी।
डाक्टर बनने की चाह रखने वाले मेडिकल की तरफ तवज्जो देंगे तो कारोबार अपनाने वाले कामर्स को अपनाएंगे। इसी तरह आर्ट्स सहित अन्य दूसरे विषय भी विद्यार्थियों की पसंदीदा सूची में शामिल होंगे। मेधावी छात्र अपने लक्ष्य को साकार करने की दिशा में मजबूती से आगे बढ़े हैं। इनमें फिर लड़कियों ने बाजी मारी है।
ग्रेडिंग सिस्टम में छात्राओं का ज्यादा बोलबाला है। कोई डाक्टर, कोई इंजीनियर बनकर समाज में अपना योगदान देना चाहता है। ग्रेडिंग में शानदार प्रदर्शन करने वाले इन विद्यार्थियों ने अमर उजाला के साथ अपनी खुशी साझा की।
शनिवार दोपहर को नतीजे घोषित होने के साथ ही मेधावी छात्रों के चेहरे खिल उठे। 10सीजीपीए ग्रेडिंग पाने वाले सफल विद्यार्थियों में अधिकांश लड़कियां थीं। शहर के विभिन्न सीबीएसई स्कूलों के विद्यार्थियों का परीक्षाओं में शानदार प्रदर्शन रहा है। अवकाश होने के बावजूद स्कूलों में मेधावी विद्यार्थी पहुंचे और जमकर जश्न मनाया गया। इन खुशी के पलों में स्टाफ सदस्य भी शामिल हुए।