राजधानी के डिग्री कॉलेजों में होने वाले छात्रसंघ चुनावों की तैयारी में जुटे छात्र नेताओं ने जन्माष्टमी की छुट्टी में भी चैन की सांस नहीं ली।
बिहारीगढ़ और छुटमलपुर से लेकर छात्र नेता विकासनगर और चकराता तक अपने पक्ष में मतदान के लिए छात्रों के घर-घर पहुंचे। डीएवी, डीबीएस और एसजीआरआर कॉलेज के छात्र नेता दिनभर गली-मोहल्लों में चक्कर काटते दिखे।
बृहस्पतिवार को कॉलेजों में जन्माष्टमी की छुट्टी की वजह से सुबह से ही छात्र संगठनों और निर्दलीय चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों ने चुनाव प्रचार की टीमें गठित कर दीं। कई जगहों पर छात्र नेता खुद गए तो कई जगहों पर अपने साथियों को प्रचार सामग्री के साथ भेजा।
डीएवी में एबीवीपी से अध्यक्ष पद के दोनों दावेदारों ने दिनभर भागदौड़ कर अपने पक्ष में माहौल बनाया। एसजीआरआर में एबीवीपी और एनएसयूआई के अलावा अन्य प्रत्याशियों ने भी चुनाव प्रचार किया।