हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन बोर्ड हमीरपुर की पुलिस सब इंस्पेक्टर भर्ती की लिखित परीक्षा की तिथि की घोषणा के बाद प्रदेश के सैकड़ों अभ्यर्थी परेशान हैं। एचपीएसएसबी ने 31 जुलाई की तिथि इस परीक्षा के लिए निर्धारित की है, जबकि इसी तिथि को पहले ही एसबीआई पीओ परीक्षा की तिथि घोषित कर चुका है। ऐसे में प्रदेश के सैकड़ों परीक्षार्थियों को एक परीक्षा छोड़नी पड़ेगी।
जानकारी के अनुसार एचपीएसएसबी ने सब इंस्पेक्टर की भर्ती छह साल बाद निकाली है। इससे पूर्व 2009 में सब इंस्पेक्टर की सीधी भर्ती हुई थी। ऐसे में कई अभ्यर्थी ऐसे हैं, जिनका यह अंतिम चांस होगा। ऐसे अभ्यर्थियों ने अपने भविष्य को ध्यान में रखते हुए एसबीआई पीओ की भर्ती का एग्जाम भी भरा था। अब इन दोनों एग्जाम की तिथि 31 जुलाई निर्धारित होने के बाद सैकड़ों अभ्यर्थी एक ही परीक्षा दे पाएंगे।
एचपीएसएसबी हमीरपुर की सब इंस्पेक्टर और एसबीआई पीओ की परीक्षा में बैठने वाले अभ्यर्थियों पवन शर्मा, सुनील कुमार, सुशील कुमार, अमित सिंह, आशिष कौशल, अभिषेक, विजय, केहर सिंह, देवी सिंह, सुभाष कुमार, प्रीतम शर्मा, दलिप कुमार, शाम सिंह,
शशि कुमार, मुकेश कुमार, निखिल शर्मा, धर्मेंद्र, पप्पू जरयाल, रोहित कुमार, कृतिका और मुनीष आदि ने बताया कि दो परीक्षाओं की एक ही तिथि होने से उनको मजबूरन एक ही परीक्षा में बैठना पड़ेगा। इसलिए उन्होंने उपायुक्त कांगड़ा रितेश चौहान के माध्यम से एचपीएसएसबी को पत्र भेजकर तिथि में फेरबदल करने की मांग उठाई है।