डॉक्टर एपीजे अब्दुल कलाम टेक्निकल यूनिवर्सिटी (एकेटीयू) से संबद्ध कॉलेजों में यूजी-पीजी कोर्सों की विषम सेमेस्टर परीक्षा के लिए विवि ने केंद्रों की अंतिम व संसोधित सूची जारी कर दी है। इसके तहत जिले में 16 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। जहां पर दो पालियों में परीक्षा आयोजित होगी।
दरअसल, बीटेक, बीफार्मा, बीआर्क, एमबीए, एमसीए, एमटेक और एमफार्मा समेत सभी टेक्निकल कोर्सों की पहले, तीसरे, पांचवें और सातवें सेमेस्टर की परीक्षा 20 मई से शुरू हो रही है।इसके लिए ग्रेटर नोएडा के गलगोटिया, द्रोणाचार्य, जीएल बजाज, स्काईलाइन, एक्यूरेट, एनआईईटी, आईआईएलएम, आईटीएस, ईशान, आईआईएमटी, जीएनआईटी कॉलेज और दादरी के विश्वेश्वरैया कॉलेज को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।
इसके अलावा नोएडा के जेएसएस और एमएचएम कॉलेज में सेमेस्टर परीक्षा कराई जाएगी। इन कॉलेजों में जिले के करीब 70 तकनीकी कॉलेजों के लगभग एक लाख से अधिक छात्र परीक्षा देंगे। पहली पाली की परीक्षा सुबह 9:30 से 12:30 बजे के बीच होगी। दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 2:30 से 5:30 बजे तक होगी। वहीं कॉलेजों में अलग-अलग कोर्सों की प्रायोगात्मक परीक्षाएं चल रही है, जोकि 18 मई को समाप्त होगी।
नकल रोकने के होंगे पुख्ता इंतजाम
सेंटर लिस्ट जारी होने के साथ ही कॉलेजों ने परीक्षा की तैयारी शुरू कर दी है। द्रोणाचार्य कॉलेज के प्रशासनिक अधिकारी अश्विनी कुमार ने बताया कि परीक्षा के लिए मंगवार से ही सिटिंग प्लान की तैयारी शुरू कर दी जाएगी। केंद्र पर जिन कॉलेजों की परीक्षा होनी है, उनसे विषयवार छात्रों की सूची मांगी गई है, जिससे नकल रोकने के पुख्ता इंतजाम किए जा सके।