एमडीयू ने विश्वविद्यालय शैक्षणिक विभागों तथा यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ लॉ एंड मैनेजमेंट स्टडीज, गुड़गांव का एडमिशन शेड्यूल जारी कर दिया है। विवि के कुलसचिव जितेंद्र भारद्वाज ने बताया कि विश्वविद्यालय के पाठ्यक्रमों की विस्तृत जानकारी, प्रवेश प्रक्रिया, प्रवेश संबंधित पात्रता शर्तें समेत सभी ब्यौरा एमडीयू की वेबसाइट पर उपलब्ध है।
वेबसाइट पर प्रवेश विवरणिका (प्रॉस्पेक्ट्स) भी उपलब्ध है, जिसे डाउनलोड किया जा सकता है। साथ ही, प्रॉस्पेक्ट्स की हार्ड कॉपी 26 मई से विश्वविद्यालय के पब्लिशन सैल, निकट गेट नंबर एक और यूआईएलएमएस, गुड़गांव से 100 रुपए नगद राशि देकर प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थियों को प्रवेश पाने के लिए ऑनलाइन आवेदन करना होगा।
ऑनलाइन आवेदन करने की पूरी प्रक्रिया वेबसाइट पर बताई गई है। ऑनलाइन आवेदन करने के उपरांत आवेदन की कंप्यूटर-सृजित हार्ड कॉपी को संबंधित विभाग/कार्यालय में ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि (प्रवेश सूचना में उल्लेखित) के एक सप्ताह तक जमा कराना होगा। इसके साथ, सभी जरूरी दस्तावेज संलग्न करने होंगे।
आवेदन संबंधित पूछताछ के लिए शैक्षणिक शाखा के दूरभाष नंबर 01262- 393580 (कार्य दिवस पर प्रात: 9 बजे से शाम 5 बजे तक) पर संपर्क किया जा सकता है। ऑनलाइन पंजीकरण संबंधित तकनीकी मदद के लिए दूरभाष नंबर 01262-393325, 393326, 393596 पर संपर्क किया जा सकता है। विद्यार्थियों के लिए डीडीई भवन में हेल्प डेस्क भी स्थापित किए जाएंगे।