रोजगार की राह ताक रहे युवाओं को नौकरी पाने का सुनहरा मौका है। मंडी और कालाअंब की दो नामी कंपनियां युवाओं के लिए रोजगार के द्वार खोलने जा रही हैं। दोनों कंपनियों में विभिन्न 85 पदों पर भर्ती की जाएगी। रोजगार कार्यालय कुल्लू में 27 और 28 मई को साक्षात्कार होंगे। चयनित उम्मीदवारों को वेतन के अलावा अन्य सुविधाएं दी जाएंगी। साक्षात्कार में प्रदेश भर से युवा भाग ले सकते हैं।
ब्यास इनफ्राबिल्ड प्राइवेट लिमिटेड मंडी 15 पदों के लिए भर्ती करेगी। कंप्यूटर ऑपरेटरों के आठ तथा सुपरवाइजर छह पद भरे जाने हैं। 18 से 35 वर्ष के ग्रेजुएट और एक वर्षीय कंप्यूटर डिप्लोमाधारक युवा पात्र होंगे। इच्छुक युवा आवश्यक दस्तावेजों के साथ 28 मई को जिला रोजगार कार्यालय कुल्लू में होने वाले इंटरव्यू में भाग ले सकते हैं।
चयनित युवाओं को प्रतिमाह 11,213 रुपये वेतन मिलेगा। उन्हें ईपीएफ की सुविधा भी मिलेगी। चयनित उम्मीदवारों को ज्वाइनिंग लेटर भी दिए जाएंगे। मैसर्ज शीला फोम प्राइवेट लिमिटेड कालाअंब जिला सिरमौर हेल्पर के 70 पदों के लिए साक्षात्कार लेगी। इनके लिए साक्षात्कार 27 मई को जिला रोजगार कार्यालय कुल्लू में होंगे। आठवीं तथा दसवीं पास युवा इन पदों के लिए साक्षात्कार दे सकते हैं।
चयनित युवाओं को प्रतिमाह 5800 रुपये वेतन, खाना, वर्दी तथा अन्य सुविधाएं दी जाएंगी। इधर, जिला रोजगार अधिकारी अनिल चंदेल ने बताया कि 27 और 28 मई को दो कंपनियां विभिन्न 85 पदों के लिए साक्षात्कार लेने कुल्लू पहुंच रही हैं। हिमाचल के किसी भी जिला के पात्र उम्मीदवार साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं। पात्र उम्मीदवार अपने आवश्यक दस्तावेज साथ लेकर साक्षात्कार के लिए पहुंचे।