आईएससी के परिणामों में पुलिस अधिकारी दीपम सेठ के बेटे शुभांकर सेठ ने एक बार फिर परचम फहराया है। 10वीं में प्रदेश में टॉप करने वाले होनहार शुभांकर ने 12वीं में भी 98 प्रतिशत अंक हासिल कर ब्राइटलैंड स्कूल में तीसरा स्थान हासिल किया है।
बॉस्केटबॉल चैंपियन टीम के अलावा उत्तराखंड जूनियर नेशनल स्विमिंग टीम में शामिल शुभांकर खेल और पढ़ाई दोनों में ही तेज तर्रार हैं। शुभांकर ने दो साल पहले 10वीं में 98.4 प्रतिशत अंकों के साथ प्रदेश में टॉप किया था। उन्होंने ऑल इंडिया में दूसरी रैंक भी हासिल की थी।
खास बात यह है कि 10वीं और 12वीं में लगातार टॉप लिस्ट में रहने वाले स्कूल के वह अकेले छात्र हैं। शुभांकर ने बताया कि वह पढ़ाई को बोझ नहीं समझते हैं। उनके लिए हर विषय बेहद इंटरेस्ट वाला होता है और रेगुलर स्टडी पर फोकस रखते हैं। यही वजह है कि सालभर रेगुलर स्टडी के बाद यह रिजल्ट सामने आया है।
शुभांकर न केवल बास्केटबॉल बल्कि तैराकी में भी माहिर खिलाड़ी हैं। खेलों के साथ ही क्विज प्रतियोगिताओं में भी शुभांकर कई अवार्ड अपने नाम कर चुके हैं। वह कामयाब इंजीनियर बनना चाहते हैं।