हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय दिसंबर महीने में हुई अंडर ग्रेजुएट कक्षाओं के परीक्षा परिणाम अब तक घोषित नहीं कर पाया है। जून माह में पास आउट होने वाले यूजी डिग्री कोर्स के बैच को देखते हुए विवि इस सप्ताह अंत तक सिर्फ पांचवें सेमेस्टर का परीक्षा परिणाम ही घोषित कर पाएगा। पांचवें सेमेस्टर के साथ हुई पहले और तीसरे समेस्टर के छात्रों को अपने परिणाम के लिए अभी और इंतजार करना होगा।
यूजी की अप्रैल माह की 11 तारीख से शुरू होने वाली परीक्षाओं से पहले सिर्फ पांचवें सेमेस्टर के ही नतीजे विवि घोषित कर पाएगा। विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डा. जेएस नेगी ने माना कि पांचवें पास आउट होने वाले छात्रों के बैच का परीक्षा परिणाम लगभग तैयार है। इसमें अपीयर हुए छात्रों की इंटरनल असेसमेंट (सीसीए) सभी कॉलेजों से मिल चुकी है। पांचवें सेमेस्टर के नतीजे तैयार करने का कार्य अंतिम चरणों में है।