हरियाणा विद्यालय बोर्ड की दसवीं व बारहवीं की परीक्षाओं में प्रशासन के नकल रोको अभियान के सारे दावे फेल होते नजर आ रहे हैं। परीक्षाओं में प्रशासन की आंखों तले जमकर नकल हो रही है। शुक्रवार को 12वीं कक्षा के हिंदी संकाय का प्रश्नपत्र परीक्षा के पहले ही घंटे में व्हाटसएप पर वायरल हो गया। प्रशासन ने इसके बावजूद भी किसी नकलची और अधिकारी पर कोई गाज नहीं गिराई। प्रशासन की इस कार्रवाई ने शिक्षा विभाग पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्रदेश भर में 8 मार्च से हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की दसवीं और बारहवीं कक्षा की द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षा चल रही है। इसमें री-अपीयर के छात्र-छात्राएं भी परीक्षा दे रहे हैं। शुक्रवार सुबह जमकर हुई नकल के बीच 10वीं की परीक्षा संपन्न हो गई।
हालांकि दोपहर बाद 2:30 बजे शुरू हुए 12वीं कक्षा के हिंदी का प्रश्नपत्र पुरानी अनाज मंडी स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में पहले ही घंटे में लीक हो गया। किसी युवक ने पेपर का फोटो खींचकर व्हाटसएप पर वायरल कर दिया। जिससे हिंदी के पेपर में जमकर नकल हुई।
इससे पहले भी 8 मार्च को हुई अंग्रेजी की परीक्षा में भी एक युवक द्वारा शहर के एक स्कूल में पेपर का फोटो खींचकर लीक करने का मामला सामने आया था। परीक्षा के दौरान बाहरी युवकों का परीक्षा केंद्र की खिड़कियों पर भारी जमावड़ा देखने को मिला। इतना ही नही सरकार द्वारा पेपर के बाहर लगाई गई धारा 144 की धज्जियां भी जमकर उड़ती नजर आई।
=======================
खिड़कियों पर चढ़कर नकल डालते रहे युवक
12वीं कक्षा की हिंदी विषय की परीक्षा के दौरान पुरानी अनाज मंडी स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में दो से तीन पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी। जबकि परीक्षा केंद्र में सैकड़ों बच्चे परीक्षा दे रहे थे। नकल डालने वाले युवकों ने पुलिसकर्मियों का कोई डर न होने से खिड़कियों पर चढ़कर पहले पेपर व्हाटसएप पर वायरल किया और बाद में जमकर नकल डाली।
=====================
क्या कहते हैं शिक्षा अधिकारी
उपमंडलीय शिक्षा अधिकारी डॉ. सुभाष चंद्र भारद्वाज ने बताया कि उनके समक्ष भी मंडी स्कूल में पेपर लीक होने का मामला सामने आया है। उन्होंने कहा कि नकल रोकने के लिए प्रशासन द्वारा कठोर कदम उठाए जा रहे हैं, लेकिन बाहरी युवक ज्यादा होने के कारण नकल पर रोक नहीं लग पा रही। परीक्षा में ड्यूटीरत कर्मचारियों पर भी सख्ती की जा रही है। इस मामले में जो भी आरोपी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
==========================
मामला मेरे नोटिस में नहीं है। अगर ऐसा है तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। संबंधित परीक्षा केंद्र के अधीक्षक व अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी जाएगी।
-परमेश्वरी हुड्डा, जिला शिक्षा अधिकारी