बोर्ड की मेरिट में शुमार दसवीं और जमा दो के दस हजार मेधावी बच्चों को अगले सप्ताह से लैपटॉप दिए जाएंगे।
- फोटो : अमर उजाला
साल 2015 में स्कूल शिक्षा बोर्ड की मेरिट में शुमार दसवीं और जमा दो के दस हजार मेधावी बच्चों को अगले सप्ताह से लैपटॉप दिए जाएंगे। उच्च शिक्षा निदेशालय ने बुधवार को लैपटॉप प्राप्त करने के लिए पात्र मेधावी बच्चों के नामों की सूची वेबसाइट पर अपलोड कर दी है।
बच्चों को जिला उपनिदेशकों के माध्यम से लैपटॉप बांटे जाएंगे। दसवीं और जमा दो के पांच-पांच हजार बच्चों को लैपटॉप दिए जाने हैं। मुख्यमंत्री ने एक मई को जिला मंडी से लैपटॉप वितरण योजना का शुभारंभ कर दिया है। इस दिन जिला मंडी के 86 बच्चों को लैपटॉप दिए गए हैं।
अन्य जिलों में उपनिदेशकों के माध्यम से लैपटॉप दिए जाएंगे। बोर्ड की मेरिट में शामिल बच्चों को लैपटॉप लेने के लिए जिलों में उपनिदेशकों के पास आवेदन करना होगा। उच्च शिक्षा निदेशालय ने वेबसाइट पर आवेदन फार्म अपलोड कर दिया है।