एफडीडीआई (फुटवियर डिजाइन एंड डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट) की डिग्री को लेकर अभी कोई फैसला नहीं हुआ है। लेकिन इससे पहले, संस्थान में सत्र 2016-17 के लिए एडमिशन शुरू कर दिए हैं। ऐसे में विद्यार्थियों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
देशभर में एफडीडीआई के 8 संस्थान हैं। इन संस्थानों में डिग्री को लेकर विवाद चला आ रहा है। संस्थान के छात्रों ने सुप्रीम कोर्ट में केस भी दायर कर रखा है। पिछले दिनों कोर्ट ने वाणिज्य उद्योग मंत्रालय और यूजीसी से जवाब मांगा था।
इस पर वाणिज्य उद्योग मंत्रालय ने हलफनामा दायर किया था कि संस्थान को आईआईटी और निफ्ट की तर्ज पर दर्जा देने की प्रक्रिया चल रही है। हालांकि यह प्रक्रिया अभी पूरी नहीं हुई है और कोर्ट ने भी डिग्री को लेकर अभी कोई फैसला नहीं दिया है। लेकिन ऐसे में संस्थान ने अब सत्र 2016-17 के लिए एडमिशन शुरू कर दिए हैं। सूत्रों की मानें तो संस्थान ने एडमिशन तो शुरू कर दिए, लेकिन अभी डिग्री की कोई गारंटी नहीं दे रहा है। इस कारण विद्यार्थियों में असमंजस बना है कि आखिर क्या करें।
ये कोर्स हुए बंद
अभी तक संस्थान में फुटवियर रिटेल, मैनेजमेंट रिटेल, बिजनेस मैनेजमेंट और फैशन डिजाइन समेत चार कोर्स संचालित थे। अब प्रबंधन ने बिजनेस मैनेजमेंट और फैशन डिजाइन कोर्स बंद करने का फैसला लिया है। इसके बाद संस्थान में केवल दो ही कोर्स संचालित रहेंगे।
यूं बोले छात्र
सुप्रीम कोर्ट में केस दायर करने वाले छात्र संदीप प्रियदर्शी का कहना है कि डिग्री का फैसला आए बिना एडमिशन किस आधार पर किए जा रहे हैं। यदि संस्थान को मान्यता नहीं मिलती तो एडमिशन लेने वाले नए विद्यार्थियों का कैरियर क्यों बर्बाद किया जा रहा है। उन्हें कौन डिग्री देगा।