एडेड महाविद्यालयों के प्राचार्यों ने सचिव उच्च शिक्षा से मुलाकात कर च्वाइस बेस्ड क्रेडिट सिस्टम (सीबीसीएस) के मुताबिक फैकल्टी की व्यवस्था करने की मांग की। साथ ही सिस्टम को लागू करने सामने आ रही वित्तीय कठनाई और अन्य समस्याओं की ओर भी ध्यान खींचा गया। सचिव ने निदेशक उच्च शिक्षा को इस संबंध में बातचीत कर कार्रवाई के निर्देश दिए।
सचिव को सौंपे ज्ञापन में उन्होंने कहा कि गढ़वाल विवि ने स्नातक स्तर पर इसी सत्र से सीबीसीएस सिस्टम लागू कर दिया है। बीए और बीकॉम प्रथम वर्ष के सभी छात्र-छात्राओं को अंग्रेजी भाषा या आधुनिक भाषा पढ़ना अनिवार्य है। इसके अलावा कई अन्य अनिवार्य विषय भी पढ़ाए जाने हैं। इसलिए इन विषयों की फैकल्टी की नियुक्ति आवश्यक है।
सेशनल परीक्षा के लिए शुल्क की मांग
उन्होंने सेशनल परीक्षा के लिए 40 रुपए शुल्क का प्रावधान किए जाने की भी मांग की। साथ ही पुरस्तकालय अध्यक्ष और उप पुस्तकालय अध्यक्षों की नियुक्ति, कार्यभार के आधार पर शिक्षकों के नए पदों का सृजन करने, क्रीड़ा प्राध्यापक की व्यवस्था, 180 दिन के अध्यापन के लिए एकेडमिक कैलेंडर को सख्ती से लागू करने, अधिनियम, परिनियम और शासनादेशों का क्रियान्वन करने और प्राचार्यों को तीन हजार रुपए प्रतिमाह भत्ते की व्यवस्था कराने की मांग की। ज्ञापन सौंपने वालों में डा. इंदू सिंह, डा. ओपी कुलश्रेष्ठ, डा. बीएल कुशवाहा, डा. देवेंद्र भसीन समेत अन्य शामिल रहे।