गोल्ड फील्ड मेडिकल कॉलेज के 300 से ज्यादा छात्रों का भविष्य बचाने की कवायद शुरू हो गई है। एमबीबीएस के इन छात्रों को प्रदेश के चार अलग-अलग मेडिकल कॉलेजों में शिफ्ट करने के लिए पंडित बीडी शर्मा स्वास्थ्य विश्वविद्यालय के कुलपति ने एमसीआई व राज्य सरकार से अनुमति मांगी है।
गोल्ड फील्ड कॉलेज में पिछले तीन महीने से कक्षाएं नहीं लग रही हैं। जिसके विरोध में शुक्रवार को 2012 बैच के विद्यार्थियों ने पंडित बीडी शर्मा विश्वविद्यालय पहुंचकर कुलपति कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया था। कुलपति को लिखित में शिकायत सौंपी गई थी।
छात्रों ने दूसरे कॉलेजों में शिफ्टिंग की मांग उठाई थी। कुलपति ने छात्रों की शिकायत पर संज्ञान लेते हुए विश्वविद्यालय से संबंधित कॉलेजों के डायरेक्टरों की एक अहम बैठक बुलाकर इस बारे में चर्चा की।
सूत्रों की मानें तो कुलपति ने इस संबंध में मेवात, खानपुर, अग्रोहा और रोहतक मेडिकल कॉलेजों को चिंन्हित कर शिफ्टिंग का प्रस्ताव मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया, नई दिल्ली व प्रदेश सरकार के पास भेजा है।
अनुमति मिलने के बाद विद्यार्थी प्रदेश के दूसरे मेडिकल कॉलेजों में शिफ्ट किए जाएंगे। इस बारे में कुलपति ने गोल्ड फील्ड मेडिकल कॉलेज के मैनेजमेंट को भी सूचना दे दी है।
हमने एमबीबीएस विद्यार्थियों को दूसरे कॉलेजों में शिफ्ट करने की अनुमति मांगी है। अनुमति मिलने के बाद सभी विद्यार्थियों को मेवात, खानपुर, रोहतक और अग्रोहा मेडिकल कॉलेजों में शिफ्ट किया जाएगा। -डॉ. ओपी कालरा, कुलपति- पंडित बीडी शर्मा स्वास्थ्य विश्वविद्यालय