केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने हरियाणा में रद्द की गई सीटीईटी परीक्षा के लिए नई तिथि की घोषणा कर दी है। वहां यह परीक्षा 8 मई को होगी। देश भर में सीटीईटी का आयोजन 21 फरवरी को हो चुका है, लेकिन जाट आंदोलन के चलते हरियाणा में यह परीक्षा आयोजित नहीं की गई थी।
उल्लेखनीय है कि हरियाणा के 6 शहरों में 76 सेंटरों पर इस परीक्षा का आयोजन होना था। इन शहरों में अंबाला के चार सेंटर, फरीदाबाद के 12 सेंटर, गुड़गांव के 31 सेंटर, करनाल के 14 सेंटर, कुरुक्षेत्र के 11 व पंचकुला के चार सेंटर शामिल है।
हरियाणा राज्य में इस परीक्षा के लिए 71,471 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। ध्यान रखना होगा कि घोषित की गई नई तिथि केवल हरियाणा के उम्मीदवारों के लिए ही है। वहीं, सीबीएसई ने 21 फरवरी को हुई सीटीईटी परीक्षा के बाद रिजल्ट जारी नहीं किया है। जबकि पूर्व में तय शेड्यूल के मुताबिक, परीक्षा का रिजल्ट छह फरवरी को जारी किया जाना था।
माना जा रहा है कि हरियाणा में सीटीईटी परीक्षा हो जाने के बाद ही एक साथ सभी उम्मीदवारों का रिजल्ट जारी किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि साल में दो बार इस परीक्षा का आयोजन किया जाता है। इस साल 21 फरवरी को एक बार इस परीक्षा का आयोजित हो चुकी है। दूसरी बार 18 सितंबर को परीक्षा का आयोजन होगा।