यूनिवर्सिटी परिसर की जांच करता पुलिस कर्मी
- फोटो : अमर उजाला
जम्मू विश्वविद्यालय में आगामी दो अप्रैल को हो रहे 16वें दीक्षांत समारोह के लिए सुरक्षा कड़ी की गई है। विश्वविद्यालय के सभी मुख्य गेटों से आने जाने वाले लोगों की जांच की जा रही है। आयोजन स्थल जनरल जोरावर सिंह सभागार को सुरक्षा की दृष्टि से खंगाला जा रहा है। किसी संदिग्ध पदार्थ की पकड़ के लिए डाग स्क्वायड की मदद ली जा रही है।
पहली अप्रैल से आयोजन स्थल के क्षेत्र को सील करने की तैयारी की जा रही है। इस बीच वीरवार को हो रही फुल ड्रेस रिहर्सल के लिए बुधवार को सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। समारोह के लिए वर्ष 2014 सेशन के 88 टॉपरों के अलावा 104 पीएचडी धारकों को डिग्रियां प्रदान करना प्रस्तावित था, लेकिन आवेदन प्रक्रिया में सिर्फ 59 पीएचडी धारकों और 65 विद्यार्थियों ने पदक के लिए आवेदन किए हैं।
इन सभी विद्यार्थियों को फुल ड्रेस रिहर्सल में शामिल होना है। रिहर्सल सुबह शुरू होगी और तय शेड्यूल में पूरे दीक्षांत समारोह का आयोजन किया जाएगा। दीक्षांत समारोह के लिए कैंपस में मरम्मत और सजावट कार्य को तेज किया गया है। इसमें बंद पड़ी गतिविधियों को दोबारा चालू किया जा रहा है।
विवि में आने वाले सभी लोगों से पूछताछ करने के बाद ही उन्हें आगे जाने की अनुमति दी जा रही है। समारोह में देश के उपराष्ट्रपति हमीद अंसारी, मुख्य न्यायाधीश टीएस ठाकुर सहित अन्य प्रमुख लोगों के शामिल होने से सुरक्षा कड़ी की गई है।