मार्च में आयोजित हुई सीबीएसई 12वीं की परीक्षाओं में इस बार गणित ने जोरदार झटका दिया है। इसका खामियाजा यह भुगतना पड़ा है कि अधिकांश नॉन मेडिकल स्ट्रीम के छात्र हाई स्कोर नहीं कर सके। जिले के 80 से ज्यादा स्कूलों में साइंस स्ट्रीम के मेडिकल स्ट्रीम छात्रों ने बाजी मारी है।
इस बार बोर्ड परीक्षाओं में गणित के कठिन पेपर ने परीक्षार्थियों के पैरों तले से जमीन खिसका दी थी। 12 नंबर के प्रश्न आउट ऑफ सिलेबस थे। परीक्षाओं के बाद से ही अंदाजा लगाया जा रहा था कि इस बार नॉन मेडिकल के छात्र इस परीक्षा में उम्मीद के मुताबिक अंक हासिल नहीं कर पाएंगे।
परीक्षा परिणाम जारी हो गया है और परीक्षाओं से पहले लगाई जा रही अटकलें सही साबित हुई हैं। इससे छात्रों में निराशा देखी गई। विद्या मंदिर स्कूल के प्रधानाचार्य आनंद गुप्ता ने बताया कि गणित के पेपर में हुई चूक को सीबीएसई ने भी स्वीकार किया था। गणित में 100 अंक अर्जित करने का छात्रों का सपना अधूरा रह गया है। नॉन मेडिकल स्ट्रीम के परिणाम पर इसका सीधा असर पड़ा है।