सेंट्रल यूनिवर्सिटी जम्मू में पीजी/यूजी कोर्स (5/2/3 साल प्रोग्राम) और पीएचडी प्रोग्राम में दाखिले के लिए विद्यार्थियों में उत्साह है। विभिन्न कोर्सों के लिए अब तक छह हजार से अधिक आनलाइन आवेदन आ चुके हैं।
बारहवीं के बाद करवाए जाने वाले इंटिग्रेटिड कोर्सों की 120 सीटों के लिए ही 1500 आवेदन प्राप्त हुए हैं। बैसाखी पर भी बुधवार को एक दिन में एक हजार के करीब उम्मीदवारों ने आवेदन किए। विद्यार्थियों को रुझान को देखते हुए दाखिला प्रक्रिया के लिए आनलाइन तिथि को 15 से बढ़ाकर 20 अप्रैल तक किया गया है।
दाखिला इंचार्ज अकादमिक कोआर्डिनेटर प्रो. लोकेश वर्मा के अनुसार बारहवीं के विद्यार्थियों में दाखिले को लेकर ज्यादा उत्सुकता है। उल्लेखनीय है कि आवेदन प्रक्रिया संपन्न होने के बाद दाखिला के लिए 21-22 जून को कामन एंट्रेंस टेस्ट आयोजित होंगे।
जम्मू के अलावा पहली बार उधमपुर और कठुआ में परीक्षा केंद्र स्थापित किए जाएंगे। 17 जून को परीक्षा के नतीजे घोषित होने के साथ मेरिट के आधार पर दाखिला प्रक्रिया शुरू होगी।
12वीं के बाद करवाए जाने वाले पांच वर्षीय इंटिग्रेटिड कोर्स में एमएससी फिजिक्स, केमिस्ट्री, बाटनी, ज्यूलाजी शामिल हैं। इसके अलावा दो वर्षीय कोर्सों में एमएससी इंवायरमेंटल साइंस, एमटेक कंप्यूटर साइंस एंड टेक्नालाजी, एमएससी मैटीरियल साइंस एंड टेक्नालाजी, एमए/एमएससी एप्लाइड मैथामेटिक्स, एमए इकनामिक्स, एमए पब्लिक पालिसी एंड पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन, एमए सोशल वर्क, एमए मास कम्युनिकेशन एंड न्यू मीडिया, एमए नेशनल सिक्योरिटी स्टडीज, एमएड, एमए इंग्लिश एंड कंपरेटिव लिटरेचर, एमए हिंदी, एमबीए (ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमेंट), एमबीए (सप्लाई चैन मैनेजमेंट), एमबीए (टूरिज्म एंड ट्रेवल मैनेजमेंट) और तीन वर्षीय कोर्सों में बी वाक (रिटेल मैनेजमेंट) और बी.वाक (टूरिज्म मैनेजमेंट) शामिल हैं।
एक साल के कोर्स में डिप्लोमा, दो वर्ष में एडवांस डिप्लोमा और तीन वर्ष के कोर्स में डिग्री प्रदान की जाएगी। इसी तरह पीएचडी प्रोग्राम में मैथामेटिक्स, कंप्यूटर साइंस एंड आईटी, इंवायरमेंटल साइंस,
ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमेंट, इकनामिक्स, पब्लिक पालिसी एंड पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन, सोशल वर्क, मास कम्युनिकेशन एंड न्यू मीडिया, एजूकेशन और नेशनल सिक्योरिटी स्टडीज शामिल हैं। ब्यूटी एंड वेलनेस में एक साल का डिप्लोमा कोर्स करवाया जाएगा।