लखनऊ विश्वविद्यालय अब विकास के लिए पूर्व छात्रों से सहयोग मांगेगा। इस संबंध में विवि में सोमवार को मालवीय सभागार में पांच साल से ज्यादा पुराने सभी पूर्व छात्र-छात्राओं को बुलाया गया है। विवि इनके सहयोग से एल्युमिनाई फंड बनाने पर विचार कर रहा है। इस फंड से विवि में स्टूडेंट्स की जरूरतों को पूरा करने के लिए विभिन्न काम हो सकेंगे।
अगर कोई एल्युमिनाई विवि के लिए कुछ करना चाहता है तो उसे कागजी कार्यवाही नहीं करनी होगी, वह सीधे इस खाते में पैसा जमा कर सकेगा। इसके साथ ही विवि को पूर्व छात्र-छात्राएं किस तरह से सहयोग कर सकते हैं, इस पर विचार-विमर्श किया जाएगा। बैठक सोमवार को शाम 5:30 बजे से होगी।
लविवि प्रवक्ता प्रो.एनके पांडेय ने बताया कि कई बार ऐसा होता है कि पूर्व छात्र लविवि को सहयोग करना चाहते हैं। समस्या यह होती है कि वो किससे संपर्क करें और कहां सहायता दें, इस वजह से बहुत से पूर्व छात्र चाहते हुए भी विवि के लिए कुछ नहीं कर पाते हैं। इसलिए बेहतर होगा कि कोई कोष बना दिया जाए, जिससे स्टूडेंट्स के लिए विभिन्न योजनाएं चलाई जा सकें।
यह प्रस्ताव सोमवार को पूर्व छात्र-छात्राओं के सामने रखा जाएगा। इसके साथ ही पूर्व छात्रों से विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों और मार्गदर्शन के लिए सहयोग मांगा जाएगा। पूर्व छात्रों से सुझाव मांगे जाएंगे कि आखिर किस तरह से वे अपने पूर्व संस्थान को सहयोग दे सकते हैं।