बार काउंसिल ऑफ इंडिया की नौंवे ऑल इंडिया बार एग्जाम में इस बार सबसे अधिक एलएलबी पास युवा शामिल हुए। वकालत को बतौर प्रोफेशन चुनने के लिए अनिवार्य इस परीक्षा में इस साल सबसे अधिक युवा पंजीकृत थे।
रविवार को लॉ कॉलेज प्रेमनगर में ऑल इंडिया बार एग्जाम के लिए पंजीकृत 1095 अभ्यर्थियों में 1063 ने परीक्षा दी। बीते वर्षों के एग्जाम के मुकाबले यह संख्या कहीं ज्यादा थी। ऑल इंडिया बार एग्जाम चार में 309, पांच में 290, छह में 339, सात में 401 और ऑल इंडिया बार एग्जाम आठ में 737 अभ्यर्थी शामिल हुए थे।
इस बार सर्वाधिक 1063 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। इनमें से करीब 22 प्रतिशत छात्रों ने परीक्षा अंग्रेजी में जबकि बाकी ने हिंदी में दी। यह परीक्षा देशभर में 11 भाषाओं में आयोजित कराई जाती है।
लॉ कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राजेश बहुगुणा ने बताया कि यह ओपेन बुक एग्जाम था। अभ्यर्थियों को परीक्षा में पुस्तक साथ ले जाने की छूट थी। किसी भी अभ्यर्थी को इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स लाने की अनुमति नहीं दी जाती है।
परीक्षा क्वालिफाई करने के बाद बार काउंसिल से एक प्रमाण पत्र जारी होगा। इसके आधार पर एलएलबी पास युवा वकालत के लिए अपना पंजीकरण करा सकते हैं। वर्ष 2010 के बाद से यह परीक्षा सभी के लिए लागू की गई है।