सिंगापुर एयरलाइंस समूह की किफायती विमानन कंपनी, स्कूट 2 अक्तूबर को जयपुर से सिंगापुर के लिए उड़ान सेवा शुरू करने वाली है। इस उड़ान सेवा के लिए कंपनी ने बृहस्पतिवार को शानदार ऑफरों और किरायों की घोषणा की है।
इस कदम का उद्देश्य यात्रियों को अच्छी सेवाएं व तेज रफ्तार सफर देना है। स्कूट के कंट्री हेड इंडिया, भरत महादेवन ने कहा कि कंपनी जयपुर से उड़ान के साथ भारत में अपना परिचालन बढ़ाने की दिशा में कदम बढ़ा रही है।
सिंगापुर एयरलाइन समूह जयपुर से सिंगापुर और मेलबर्न, सिडनी, हांगकांग और बैंकॉक जैसे अन्य स्थलों के लिए किफायती किरायों की पेशकश करेगा। किराए 4,699 रुपये से शुरू होंगे।
इन किरायों में पर्याप्त ऑफर भी उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे यात्रियों को कम खर्च में शानदार सफर का अनुभव प्राप्त होगा। टिकटों की बिक्री 1 सितंबर से शुरू हुई है जो 11 सितंबर, 2016 तक चलेगी।
स्कूट ने इस साल मई में चेन्नई से अमृतसर की उड़ान के साथ भारत में अपना परिचालन शुरू किया था और इसकी सेवाओं को सराहा गया था। जून 2012 से शुरू हुई स्कूट अब तक कुल 70 लाख लोगों को यात्रा करा चुकी है।
अपने बेड़े में सभी 787 ड्रीमलाइनर रखने वाली यह दुनिया की पहली विमानन कंपनी है। स्कूट ऑन-बोर्ड वाई-फाई इंटरनेट कनेक्टिविटी, इन-सीट पावर जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराती है। एयरलांइस रेटिंग्स डॉट कॉम ने स्कूट को 2015-16 की सबसे अच्छी किफायती विमानन कंपनी (एशिया पैसेफिक) चुना था।