दुनिया के सबसे अमीर व्यक्तियों की सूची में शामिल अमेरिकी अरबपति जेफ बेजोस, एलन मस्क और वॉरेन बफेट की आयकर संबंधित जानकारी लीक हुई है। इसमें दावा किया जा रहा है कि ई-कॉमर्स कंपनी अमेजन के मालिक जेफ बेजोस ने 2007 और 2011 में टैक्स ही नहीं दिया। वहीं टेस्ला के मालिक एलन मस्क ने 2018 टैक्स के तौर पर एक भी पैसा नहीं भरा। आइए बताते हैं कि अमेरिकी अरबपति जेफ बेजोस, एलन मस्क और वॉरेन बफेट कितना आयकर भरते हैं...
समाचार वेबसाइट प्रो पब्लिका ने अमेरिकी अरबपतियों की टैक्स संबंधी जानकारी साझा करते हुए दावा किया है कि दुनिया के सबसे अमीर लोग सबसे कम आयकर भर रहे हैं। इस वेबसाइट का आरोप है कि जेफ बेजोस ने वर्ष 2007 और 2011 में आयकर ही नहीं भरा, जबकि एलन मस्क ने वर्ष 2018 में आयकर के तौर पर कुछ भी नहीं दिया।
समाचार वेबसाइट प्रो पब्लिका ने डाटा जारी करते हुए कहा कि वह अरबपतियों के आयकर पर आंतरिक राजस्व को लेकर विश्लेषण कर रही थी। वेबसाइट ने कहा कि वह आगामी हफ्तों में इससे संबंधित और विवरण जारी करेगी।
प्रो पब्लिका डाटा जारी कर दावा किया कि अमेरिका के सबसे अमीर 25 लोग समायोजित सकल आय का औसतन 15.8 फीसदी कर भर रहे हैं। कहा कि भले ही पिछले कुछ वर्षों में इनकी संपत्ति बढ़ी है, लेकिन ये लोग कानून रणनीति बनाकर आयकर राशि कम करते जा रहे हैं। अरबपति अपनी आयकर राशि कम करने के लिए दान व अन्य मदद के कामों में लगाई गई धनराशि का बिल दिखाकर पैसा बचा रहे हैं।
वेबसाइट ने फोर्ब्स पत्रिका के आंकड़ों का उपयोग कर कहा गया कि 25 सबसे अमीर अमेरिकियों की संपत्ति में 2014 से 2018 तक सामूहिक रूप से 401 अरब डॉलर की वृद्धि हुई, लेकिन इस दौरान इन लोगों ने 13.6 अरब आयकर राशि का ही भुगतान किया।
एफबीआई और कर अधिकारी कर रहे जांच
व्हाइट हाउस की एक प्रवक्ता ने कहा है कि इस जानकारी का साझा होना 'अवैध' है और इस मामले में एफबीआई और कर अधिकारी जांच कर रहे हैं। प्रो पब्लिका ने कहा कि 25 सबसे अमीर अमेरिकी कम टैक्स (समायोजित सकल आय का औसतन 15.8 फीसदी) भरते हैं।
कर बढ़ाने के पक्ष में जो बिइडन
अमेरिका के राष्ट्रपति जो बिइडन ने देश में समानता के लिए और अपने बड़े पैमाने पर बुनियादी ढांचा निवेश कार्यक्रम के लिए धन जुटाने के उद्देश्य के तहत सबसे अमीर अमेरिकियों पर कर बढ़ाने को कहा था। बाइडन कर की शीर्ष दर को बढ़ाना चाहते हैं, निवेश से अधिक कमाई करने वालों पर कर को दोगुना करना और विरासत कर को बदलना चाहता है।